नेपाल जाने की फिराक में थे चार हत्याभियुक्त, दिल्ली पुलिस ने पकड़ा
टैक्सी का पीछा करते हुए लखीमपुर तक पहुंची पुलिस। दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव में हुए हत्याकांड के आरोपित थे। स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी नहीं है।
लखीमपुर : दिल्ली पुलिस यहां से चार लोगों को पकड़कर अपने साथ ले गई। पकड़े गए लोग दिल्ली में हुए एक हत्याकांड में आरोपित हैं और नेपाल भागने के प्रयास में थे।
कोतवाल भानुप्रताप सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार की रात यहां आई थी। उनके पास कुछ आरोपितों के यहां पर होने की सूचना थी। दिल्ली पुलिस ने उन आरोपितों को एक टैक्सी में बैठे हुए गिरफ्तार कर लिया और उन्हें अपने साथ ले गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में दिल्ली पुलिस ने उन लोगों को कोई सूचना नहीं दी है। न ही यहां पर कोई लिखा पढ़ी हुई है। कोतवाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस उस टैक्सी का पीछा करते हुए यहां तक आई थी, जिसमें सवार होकर चारों आरोपित यहां आए थे। उनका यह भी कहना था कि आरोपित नेपाल भागने की फिराक में थे। दिल्ली पुलिस किस-किस को पकड़ कर ले गई है, उसकी जानकारी यहां की पुलिस को नहीं है। बताया जा रहा है कि इन आरोपितों में दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव में हुए हत्याकांड के आरोपित थे।