हाथियों के झुंड ने कई गांव में फसलें रौंदी
लखीमपुर मैलानी वन क्षेत्र से निकलकर जंगल के किनारे हाथियों ने आतंक कर किसानों की फसले
लखीमपुर : मैलानी वन क्षेत्र से निकलकर जंगल के किनारे हाथियों ने आतंक कर किसानों की फसलें रौंद डाली, खेतों में पड़े छप्परों को तहस नहस कर दिया। सिचाई के लिए खेतों में लगाए गए पंप सेटों को भी रौंद दिया। नेपाल के जंगलों में आए हाथियों ने मैलानी वन रेंज की जटपुरा बीट के बरौछा, पहाड़नगर व सुनहरा भूड के काश्तकारों के खेतों में खड़ी फसलों पर जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गन्ना धान आदि फसलों को रौंद डाला। खेतों में सिचाई के लिए लगाए गए पंपसेट को भी उखाड़कर तहस नहस कर दिए। पहाड़नगर के ग्राम प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि जंगल से निकलकर हाथियों ने इंद्रपाल, जगन्नाथ, हंसराम, दुलारे, लक्खन, बुधराम, रामअवतार, रामशरण सहित अनेकों किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। रेंजर केपी सिंह ने बताया कि हाथियों द्वारा किसानों की फसलों के नुकसान की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भेज दी गई है। साथ ही किसान अपने-अपने खेतों में खड़े होकर फोटो खिचवा कर लेखपाल से जिस खेत में नुकसान हुआ है। उसके रकबा का नुकसान का सर्वे कराकर आधार कार्ड व बैंक पासबुक की फोटोकापी क्षेत्र के वन दारोगा के पास जमा कर दें। आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा। पीड़ित किसानों के नुकसान की भरपाई की जाएगी। पूर्व में भी हाथियों ने इस क्षेत्र में उत्पात मचाकर ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
तेंदुए ने किया बछड़े का शिकार गन्ने के खेत में बाघ देखे जाने से क्षेत्रवासियों में दहशत है। तेंदुए ने भुर्जुनिया में घर में बछड़े का शिकार किया।
भुर्जुनिया और सिद्धनगर के बीच रास्ते के किनारे गन्ने के खेत में तेंदुआ डेरा डाले हुए है। ग्रामीणों ने बताया कि नेहरूनगर चंदनगर और भुर्जुनिया व सिद्धनगर के बीच अक्सर सड़क के किनारे गन्ने में तेंदुआ दिखता है। अकेला कोई इस रास्ते से नहीं निकलता है। सोमवार रात भुर्जुनिया के एक ग्रामीण के दरवाजे पर बंधे बछड़े का तेंदुए ने शिकार कर लिया। ग्रामीणों ने बताया कि बछड़े को मारने के बाद तेंदुए ने वही बैठ कर शव का कुछ हिस्सा खाया भी है।