वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल
निघासन रोड पर लोकनपुरवा गन्ना क्रय केंद्र के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
लखीमपुर : निघासन रोड पर लोकनपुरवा गन्ना क्रय केंद्र के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद लखनऊ रेफर किया गया है। थाना निघासन के ग्राम बंगलहा निवासी ललित कुमार (22) अपने साथी ओमकार (19) पुत्र अजय कुमार व रमियाबेहड़ निवासी बेंचेलाल (20) के साथ मझगई के मलंगा गांव में अपनी ससुराल आया था। ससुराल में रात में साले की पुत्री का जन्मदिन मनाया गया। उसी में शामिल होने सभी आए थे। रात लगभग दस बजे तीनों बाइक से कस्बे में किसी काम से गए थे। वहां से वापस लौटते समय लोकनपुरवा गन्ना क्रय केंद्र के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आया जा रहा था कि रास्ते में ओमकार की मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर ललित व बेंचेलाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहां से बेंचेलाल को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पलिया चौकी इंचार्ज उदयभान यादव ने अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सड़क हादसे में वृद्धा की मौत बेटे के साथ पैदल रिश्तेदारी से आ रही वृद्ध महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार गांव गुनाखर टांडा निवासी स्वर्गीय रामचंद्र की पत्नी अंगूरी देवी (60)अपने गूंगे बेटे बांके के साथ लुधौरी के मजरा टांडा अपनी रिश्तेदारी में आ रही थी। अंगूरी देवी को बांके डंडे के सहारे लेकर आगे चल रहा था। राजकीय कन्या इंटर कालेज के पास किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी।ठोकर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में उसे लेकर सीएचसी पहुंची। वहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। नदी में मिला युवक का शव सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तकरीबन 35 वर्षीय युवक का शव उल्ल नदी में उतराता मिला। शहर से सटे ग्राम सलेमपुर कोन में शूटिग रेंज के पास उल्ल नदी में लोगों ने युवक का शव उतराता देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलावा और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिली। युवक के चेहरे और गले पर चोटों के निशान हैं, जिससे उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शहर कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है, जल्द ही मामले का राजफाश किया जाएगा।