घर में घुसा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने पकड़ा
थाना खीरी के ग्राम सरसवा में शुक्रवार रात मगरमछ शिवलाल के घर में घुस गया। आहट पर अजय की आंख खुली तो मगरमछ देख भयभीत हो गया
लखीमपुर : थाना खीरी के ग्राम सरसवा में शुक्रवार रात करीब एक बजे मगरमच्छ शिवलाल के घर के अंदर प्रवेश कर गया। शिवलाल उस समय अपने खेत में मक्का की रखवाली कर रहे थे तथा उनकी पत्नी शिवरानी पड़ोस के खेत में धान की रखवाली कर रही थी। घर में उनका लड़का अजय व बहू सुनीता लेटी हुई थी। दरवाजे पर लगे टटरे से प्रवेश करके मगरमच्छ घर में घुस गया। आहट पर अजय की आंख खुली तो मगरमच्छ देख भयभीत हो गया और टॉर्च लगा दी। इससे मगरमच्छ घर से बाहर भागने लगा। मगरमच्छ को घर से भागता देख अजय ने पीछा किया। मगरमच्छ पड़ोस में बाथरूम में चला गया। बाथरूम के रास्ते अजय ने तखत लगाकर बंद कर दिया। इतने में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मगरमच्छ देखने वालों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना यूपी 112 पर दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसने वन विभाग को सूचना दी। वन दारोगा शिवकुमार तथा वाचर राजू खान टीम सहित मौके पर पहुंचे व मगरमच्छ को पकड़ कर अपने कब्जे में कर लिया।
बंदरों से बचने में छत से गिरकर मौत
मोहम्मदी कस्बे के मुहल्ला इस्लामाबाद निवासी 35 वर्षीय संजीव बाजपेई बंदर भगाने अपनी छत पर पहुंच गये। तभी उनकी छत पर कुछ बंदर आपस में लडने लगे। संजीव ने बंदरों को भगाने का प्रयास किया, तभी कुछ बंदर उसके पीछे भागे। बंदरों को अपनी ओर आता देख संजीव अपनी छत से जान बचाकर नीचे भागने का प्रयास करने लगे तभी पैर फिसल जाने से वह छत से नीचे गिर गये, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।