माले कार्यकर्ताओं ने किया धरना-प्रदर्शन, दी गिरफ्तारी
किसान आंदोलन के समर्थन में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने
लखीमपुर : किसान आंदोलन के समर्थन में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विलोबी मैदान में एकत्र होकर धरना दिया। धरने के दौरान भाकपा माले की केंद्रीय कमेटी सदस्य कृष्णा अधिकारी और अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान कृष्णा अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तारी और दमन से आंदोलन नहीं रुकने वाला। किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ इस सर्दी में भी बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की सड़कों पर जमे हुए आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलनरत 15 किसानों कि अब तक मौत हो चुकी है। बड़ी संख्या में किसान अस्पताल में भर्ती हैं। इसके बावजूद केंद्र की निरंकुश सरकार और प्रदेश की योगी सरकार मांगें मानने के बजाय किसानों के आंदोलन का दमन करने पर लगी हैं। इस दमन के आगे किसान और मजदूर घुटने टेकने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून किसानों और मजदूरों की बर्बादी के वारंट हैं। इसलिए जब तक इन कानूनों को रद्द नहीं किया जाता तब तक सड़क पर किसानों का आंदोलन नहीं रुकेगा। अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामदरश ने कहा कि मोदी सरकार किसानों की बर्बादी की कीमत पर कॉरपोरेट पूंजी के मुनाफे की फसल लहलहाने पर आमादा है। पूरे देश के किसान तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। इस मौके पर जिला कमेटी सदस्य श्रीनाथ, अजय शर्मा, राम किशन, राम दुलारे भारती, युवा जिला अध्यक्ष सावित्री, बसंत अली, रामकेवल, श्रीनाथ विनीत, राजश्री, संजय, अनिल सहित बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। किसानों ने उपवास रखकर किया प्रदर्शन
लखीमपुर : सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में किसान, डीएम कार्यालय के सामने एक दिवसीय उपवास रखकर धरने पर बैठे। इस बीच पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की, पर किसान, डीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठने को अड़े रहे। पुलिस ने डीएम कार्यलय के सामने से हटाकर उन्हें विलोबी मैदान भेज दिया।
मैदान पहुंचकर किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने लागू किए गए तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान किसान मनोज भारती, सुरेंद्र कुमार आजाद, प्रेम भारती, गुरदीप सिंह, शोएब अहमद, अब्दुल हन्नान, रंजीत कुमार उमेश कुमार भाग सिंह, गुरदीप सिंह, राज सिंह हरपाल सिंह गुरविदर सिंह, गुरप्रीत सिंह समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोकदल की जिला इकाई ने किसानों के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें कृषि के तीनों कानूनों को रद्द करने की मांग की गई। प्रतिनिधि मंडल में जिला महासचिव पंडित शिव प्रसाद द्विवेदी, दानिश, रहमत, विजय कुमार, माताराम सहित कई लोग शामिल थे। भारतीय किसान संगठन के जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार वर्मा की अगुवाई में किसानों ने धरना प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सदर विधायक को दिया है।