खीरी में कोरोना विस्फोट, नौ पॉजिटिव मिले
मोहम्मदी के सरैया मोहल्ले में मिले आठ संक्रमित मरीज सभी आपस में रिश्तेदार। इनमें चार एक मकान में रहते हैं। आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध।
लखीमपुर : शनिवार देर शाम प्रशासन को 402 मरीजों की रिपोर्ट मिली, जिसमें नौ मरीज पॉजिटिव और 393 निगेटिव हैं।
पहली पॉजिटिव बालिका पूर्व में संक्रमित पाई गई महिला की पुत्री है, जो शहर के मुहल्ला अमर विहार कॉलोनी की रहने वाली है। उसे वर्तमान में होम क्वारंटाइन किया गया है। शेष आठ पॉजिटिव मोहम्मदी के वार्ड नंबर 23 मुहल्ला सरैया के निवासी हैं। जिनमें चार एक मकान में रहते हैं। इनमें एक बालक, एक बालिका व दो महिला हैं। इसी मुहल्ले में पॉजिटिव पाए गए एक पुरुष व एक महिला अलग मकान में रहते हैं। इन सभी का सैंपल लेकर होम क्वारंटाइन किया गया था। बताया जाता है कि सरैया में पॉजिटिव पाए गए सभी महिला पुरुष आपस में रिश्तेदार हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक जिले में कुल 126 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं, जिनमें इलाज के बाद 107 पॉजिटिव व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर डिस्चार्ज कर दिए गए। वर्तमान में जिले में कुल 19 एक्टिव केस हैं। डीएम नेम मोहम्मदी के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सतर्कता बरतते हुए नियमों के तहत कंटेनमेंट जोन घोषित कराएं और वहां आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाएं। आज से शुरू होगा कोरोना सर्विलांस अभियान सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि पल्स पोलियों की तर्ज पर कोरोना सर्विलांस अभियान रविवार से डोर टू डोर किया जाएगा। यह अभियान अगले दस दिनों तक चलेगा। इस अभियान के तहत जनपद की समस्त जनसंख्या को आच्छादित किया जाएगा। इसके लिए 1474 टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों के पर्यवेक्षण के लिए 227 पर्यवेक्षक, विश्व स्वास्थ्य संगठन व यूनीसेफ से 24 पर्यवेक्षक भी लगाए गए हैं। ये टीमें 15 जुलाई तक जिले के हर गली-मोहल्ले, गांव में जाकर कोरोना के विषय में जागरूकता फैलाएंगे। बताया कि अभियान में जिले के करीब साढ़े सात लाख घरों का सर्वेक्षण किया जाएगा।