युवक ने खुद को और पत्नी को मारी गोली, दोनों गंभीर घायल
सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक ने घर में ही अपने भाई की लाइसेंसी रायफल से पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से दोनों को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के कारणों का अभी ठीक-ठीक पता नहीं चला है। हालांकि परिवार वालों का कहना है कि युवक पिछले काफी समय से अवसाद में चल रहा है।
लखीमपुर : सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक ने घर में ही अपने भाई की लाइसेंसी रायफल से पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के कारणों का अभी ठीक-ठीक पता नहीं चला है। हालांकि परिवार वालों का कहना है कि युवक पिछले काफी समय से अवसाद में चल रहा है।
घटना शहर के मुहल्ला नई बस्ती में हुई है। यहां के निवासी अनुराग तिवारी (36) ने सोमवार सुबह घर में ही अपनी पत्नी ममता (32) को अपने भाई की लाइसेंसी रायफल से गोली मार दी। गोली चलने की आवाज से घर में अफरा-तफरी मच गई। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही अनुराग ने खुद को भी गोली मार ली। ममता के सीने में गोली लगी है। वहीं अनुराग के जबड़े के पास। दोनों को लहूलुहान पड़ा देख घर में चीख-पुकार मच गई। दोनों को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। सदर कोतवाली पुलिस व सीओ सिटी विजय आनंद ने मौका मुआयना किया। जिला अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति जानी व परिवारीजनों से बात की। तिवारी के परिवार में सर्राफा व्यवसाय का काम है। इनकी अस्पताल रोड पर सर्राफा की दुकान है। घटना के पीछे कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि काम-धंधा ठप होने से अनुराग काफी परेशान था। कई साल पहले भी अनुराग ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की थी। मामले में शहर कोतवाल अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अभी परिवार वालों ने कोई लिखित में जानकारी नहीं दी है। परिवार वालों ने ये जरूर बताया कि अनुराग काफी समय से अवसाद में था।