पूरे हुए स्वीडन सैलानियों के दुधवा में गैंडा दर्शन के अरमान
पलिया कलां (लखीमपुर): यूरोपियन देश स्वीडन के सैलानी जो अरमान लेकर दुधवा भ्रमण को पहुंचे थे
पलिया कलां (लखीमपुर): यूरोपियन देश स्वीडन के सैलानी जो अरमान लेकर दुधवा भ्रमण को पहुंचे थे, वह आगमन के दूसरे दिन पूरे हो गए। 14 सदस्यीय विदेशी सैलानियों के दल को सुबह जंगल भ्रमण के दौरान गैंडा पुनर्वास परियोजना में एक सींघ वाले गैंडे के दीदार हो गए। गैंडे को पास से देखकर सैलानी खुश नजर आए और इस सुखद अनुभूति के साथ उनके दुधवा सफर का भी अंत हो गया। इन सैलानियों ने दुधवा की सुंदरता, यहां के दुर्लभ वन्यजीवों और घने जंगल की प्रशंसा की और दोबारा यहां आने की भी इच्छा जाहिर की। उनके लिए यहां पर आठ थारू हट बुक किए गए थे। कुल 14 सैलानियों ने यहां रात्रि विश्राम के बाद रविवार को सुबह और शाम दो बार जंगल भ्रमण किया था। रविवार को इस दल को गैंडा तो नहीं अलबत्ता बाघ के दीदार हो गए थे। गैंडा देखने की तमन्ना लिए सोमवार को फिर से ये दल वाहनों के जरिए दुधवा जंगल भ्रमण को निकला। सलूकापुर से हाथियों पर बैठकर सभी गैंडा दर्शन के लिए गैंडा पुनर्वास परियोजना पहुंचे। दल में शामिल इवा, सूजन, मिस इंग्रीड लुइस, नील्स गुस्टाफ हॉलबर्ग आदि को यहां का परिवेश काफी भाया।