लखीमपुर खीरी में हर्ष फायरिंग में दूल्हे की मौत का जिम्मेदार रामचंद्र गिरफ्तार
लखीमपुर में परसों रात नीमगांव क्षेत्र के रामपुर गांव में यह घटना हुई थी। इसमें दूल्हा सुनील वर्मा की मौत हो गई। आज एएसपी ने रामचंद्र की गिरफ्तारी की पुष्टि भी की है।
लखीमपुर खीरी (जेएनएन)। विवाह के दौरान द्वारपूजन के समय हर्ष फायरिंग में दूल्हे की मौत के मामले में पुलिस ने आज आरोपित को गिरफ्तार किया है। विवाह में हर्ष फायरिंग में दूल्हे की मौत के अहम जिम्मेदार रामचंद्र को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ उसका लाइसेंसी रिवालवर भी जब्त कर लिया गया है।
लखीमपुर में परसों रात नीमगांव क्षेत्र के रामपुर गांव में यह घटना हुई थी। इसमें दूल्हा सुनील वर्मा की मौत हो गई। आज एएसपी ने रामचंद्र की गिरफ्तारी की पुष्टि भी की है।विवाह समारोह में द्वार पूजन के समय रामचंद्र दूल्हे के ठीक सामने ही जेब से एक-एक कारतूस निकालकर रिवाल्वर को लोड कर रहा था। जब छह कारतूस लोड हो गए तो उसके रिवाल्वर को बंद किया। इसी दौरान उसके रिवाल्वर का ट्रिगर दब गया। इस दौरान निकली गोली सीधा दूल्हे की छाती में धंस गई।
मृतक दूल्हे का साथी रामचंद्र वर्मा इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर कोरैया का रहने वाला है। आरोपी घटना के समय नशे में था। रामचंद्र वर्मा ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से दो राउंड फायर दूल्हे पर ही झोंक दिया था। गोली लगने के बाद सुनील की मौके पर ही मौत हो गई थी। दूल्हे की मौत का एक लाइव वीडियो सामने आया था, जहां द्वाराचार के दौरान रामचंद्र वर्मा अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर में गोली लोड करता दिख रहा है। इसी दौरान रिवाल्वर से निकली एक गोली दूल्हे के सीने में जा लगी थी।
गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव रामपुर में रविवार रात बरात में द्वार पूजन के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से दूल्हे की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। शादी की खुशियों के बीच हर तरफ चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। गांव रामपुर निवासी रविंद्र वर्मा की पुत्री रूबी की शादी थी।
सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर निवासी राधेश्याम के पुत्र सुनील (22) की बरात धूमधाम के साथ गांव पहुंची। दूल्हा द्वारपूजन के लिए बैठा ही था कि बरात में आए मेहमानों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो-तीन फायर के बाद एक गोली दूल्हे के सीने में लग गई।
गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़ा। परिवारीजन दूल्हे को लेकर आनन-फानन जिला अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि जो गोली दूल्हे को लगी वह उसी के दोस्त रामचंद्र के लाइसेंसी रिवाल्वर से चली थी। दूल्हे के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रामचंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।