Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सौतेली मां ने फटकारा तो सगे भाई-बहन ने खा लिया जहर, मौत की खबर मिलते ही पिता सऊदी से लौटे

    Updated: Mon, 21 Apr 2025 08:06 AM (IST)

    कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां सौतेली मां की डांट से नाराज सगे भाई-बहन ने जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उनकी मौत हो गई। दोनों की उम्र क्रमशः 20 और 14 वर्ष थी। घटना के समय घर में भाई-बहन अकेले थे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    Hero Image
    बहन संजना और भाई राजन का फाइल फोटो।

    जागरण संवाददाता, कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के देवगांव में सौतेली मां की डांट से नाराज सगे भाई-बहन ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर दोनों को अस्पताल ले जाया गया। 

    डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। देर रात दोनों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। घटना के समय भाई बहन घर में अकेले थे। घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह है पूरा मामला

    बताया जाता है कि गांव के रामचंद्र राजभर रोजगार के सिलसिले में सउदी अरब में हैं। घर पर दूसरी शादी की पत्नी सरोज तथा उनके आठ व छह वर्ष के दो बच्चों के अलावा पहली पत्नी के 20 वर्षीय पुत्र राजन व 14 वर्षीय पुत्री संजना रहते हैं। 

    दोपहर चार बजे किसी बात को लेकर घर में कहासुनी होने लगी। सरोज ने राजन व संजना को डांटा-फटकारा। इसके बाद वे अपने दोनों बच्चों को लेकर खेत में चली गई। एक घंटे बाद घर लौटी तो राजन व संजना को अचेत देखा। 

    दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। सरोज का शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। कुछ ही समय में घटना पूरे गांव में फैल गई। लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी कोटवा व जिला अस्पताल ले जाया गया। 

    हालत गंभीर बता डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान रात लगभग एक बजे दोनों की मौत हो गई।

    सरोज ने बताया कि सब्जी की फसल पर छिड़काव के लिए घर में कीटनाशक रखा गया था। भाई-बहन का शव एंबुलेंस से दोपहर बाद घर आया। 

    सीओ उमेश चंद्र भट्ट, थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। थानाध्यक्ष ने बताया कि पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

    10 वर्ष पूर्व पहली पत्नी की हुई थी मृत्यु

    रामचंद्र की पहली पत्नी शांति की मृत्यु 10 वर्ष पहले तेज आंधी-पानी में गिरे पेड़ से दबने के चलते हो गई थी। पेड़ की डाल उनके पेट में घुस गई और अधिक रक्तस्राव के चलते मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई थी। पहली पत्नी की मृत्यु के कुछ समय बाद रामचंद्र ने सरोज से शादी कर ली।

    रामचंद्र ने शुरू की आवश्यक प्रक्रिया

    राजन व संजना की मृत्यु की खबर पाकर सउदी अरब गए पिता रामचंद्र फफक पड़े। गांव के लोगों के अनुसार, स्वदेश रवाना होने के लिए रविवार को उन्होंने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी।

    यह भी पढ़ें: नेपाल से अयोध्या की राह होगी आसान, 707 करोड़ की लागत से बन रहा पुल व सड़क; सीएम योगी ने किया निरीक्षण