यूपी के पीएमश्री विद्यालयों में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, विद्यार्थियों को मिलेंगे ई-बुक और डिजिटल कंटेंट
पीएमश्री विद्यालयों में अब पढ़ाई का तरीका आधुनिक होगा, जहां जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। इन लाइब्रेरी में ई-बुक, डिजिटल कंटेंट और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पीएमश्री विद्यालयों में आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित होंगी।
ई-बुक, डिजिटल कंटेंट और ऑनलाइन सामग्री उपलब्ध होगी।
विद्यार्थियों को स्वअध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं में लाभ मिलेगा।
जागरण संवाददाता, सेवरही। पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ाई का तरीका अब और आधुनिक होने जा रहा है। विद्यार्थियों को पुस्तकों के साथ डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के लिए इन विद्यालयों में जल्द डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी।
यहां ई-बुक, डिजिटल कंटेंट, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री के साथ एनसीईआरटी की पुस्तकें, विभिन्न विषयों की मैगजीन और प्रमुख समाचार पत्र भी उपलब्ध रहेंगे। इससे विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ देश-दुनिया की ताजा घटनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
पीएमश्री योजना के तहत तमकुहीराज तहसील में सेवरही ब्लॉक के चार विद्यालय तरयासुजान, फागू छापर, रामपुर बंगरा व बाघाचौर विद्यालय शामिल हैं। तमकुही ब्लॉक में बसडीला पांडेय व बसडीला महंथ तथा दुदही ब्लॉक में पडरौन-मडूरही व विशुनपुर बरिया पट्टी पीएमश्री विद्यालय हैं
। इन विद्यालयों में प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने के लिए रीडिंग टेबल आदि की व्यवस्था भी होगी। इसके लिए प्रति विद्यालय 20,500 रुपये खर्च किए जाएंगे।
डिजिटल संसाधनों से पठन-पाठन को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के साथ विद्यार्थियों में स्वअध्ययन की आदत विकसित करने पर जोर रहेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की तैयारी में भी उन्हें इसका लाभ मिलेगा।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिंदी, क्षेत्रीय भाषाओं और अंग्रेजी में सामग्री उपलब्ध होने से बहुभाषी अध्ययन को बढ़ावा मिलेगा। शिक्षक भी कक्षा शिक्षण में इन संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।
बीएसए अनिल कुमार सिंह ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी से विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर विविध और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। इससे उनकी डिजिटल दक्षता भी विकसित होगी।
यह भी पढ़ें- शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के लिए 26 गांवों में जमीन अधिग्रहण ने पकड़ी रफ्तार, पूरी प्रक्रिया पर प्रशासन की निगरानी
