राज्यपाल की सीख पर अमल, बच्चों में बांटा फल
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर संस्था की ओर से कसया नगर के कन्या प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों में फल वितरित किया गया।
कुशीनगर: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के प्राथमिक स्कूलों के बच्चों को फ्रूट व बुक देने की सीख का अनुशरण करते हुए वाइटल केयर फाउंडेशन ने कदम बढ़ाया। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर संस्था की ओर से कसया नगर के कन्या प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों में फल वितरित किया गया। गुरुवार को कुशीनगर आईं राज्यपाल ने सक्षम लोगों से प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब परिवारों के बच्चों में फल वितरित करने का आह्वान किया था। उससे प्रेरित होकर संस्था के पदाधिकारी फलों की टोकरी लेकर विद्यालय में पहुंचे। उन्होंने फल के साथ बच्चों को स्टेशनरी देकर उत्साह बढ़ाया। विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने संस्था के इस कार्य की सराहना की। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। युद्धक विमान उड़ाने से लेकर विज्ञान, अंतरिक्ष, सेना, पुलिस, कला, फैशन कहीं भी पीछे नहीं हैं। इन्हें पढ़ाएंगे तो खुद का जीवन भी संवरेगा। बच्चों ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर आधारित नाट्य का मंचन व गीत प्रस्तुत किया। शशि प्रभा सिन्हा ने आयोजन के औचित्य पर प्रकाश डाला। सचिव डा. एके सिन्हा, प्रधानाध्यापक शशिबाला, गौरव मद्धेशिया, रश्मि जायसवाल, अरुण कुमार राय, दिवाकर मणि, सत्येंद्र तिवारी, दुर्गेश राय, पृथ्वीनाथ गुप्त, मनोज सिंह, राजू मद्धेशिया आदि मौजूद रहे।