कुशीनगर में खेत में चारा काट रही महिला को बाघ ने उतारा मौत के घाट, सीमावर्ती इलाकों में दहशत
कुशीनगर से सटे बिहार के बगहा में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से निकले बाघ ने खेत में चारा काट रही 35 ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
बाघ ने खेत में चारा काट रही महिला सलमा खातून को मारा।
घटना बिहार के बगहा जिले में कुशीनगर सीमा के पास हुई।
सीमावर्ती गांवों में दहशत, वन विभाग ने सतर्कता बढ़ाने को कहा।
संवाद सूत्र, पनियहवा। कुशीनगर से सटे बिहार के बगहा जिले के नौरंगिया थाना के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से बाहर निकल खेत में पहुंचे बाघ ने नौरंगिया थाना के सिरिसिया घोटहवा टोला से सटे मस्जिदिया सरेह में बुधवार को चारा काट रही 35 वर्षीय सलमा खातून पर पर हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बिहार के साथ ही कुशीनगर दियारा के गांवों में ग्रामीणों में दहशत कायम हो गई है।
बताया जा रहा है कि सलमा खातून अपने पशुओं के लिए चारा लेने खेत की ओर गई थीं। जंगल से करीब 200 मीटर दूर खेत में चारा काट ही रही थीं कि बाघ ने हमला कर दिया। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बाघ की गतिविधियों और उसकी लोकेशन पर नजर रखने के लिए अलग से टीम को लगाई गई है।
बगहा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से वन्यजीवों के हमले की घटनाएं सामने आने के बाद सीमावर्ती यूपी के ग्रामीण भी डरे हुए हैं। अगस्त में नौरंगिया क्षेत्र में तेंदुए के हमले में एक महिला के घायल होने की घटना भी सामने आई थी। खड्डा के रेंजर अमित तिवारी ने बताया कि, बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में बाघ के हमले की सूचना को गंभीरता से लिया गया है।
सीमा से लगे क्षेत्रों में वन विभाग की टीम नजर रख रही है। ग्रामीणों से अपील है कि वे जंगल अथवा झाड़ियों से सटे खेतों में अकेले न जाएं और विशेषकर सुबह-शाम सतर्कता बरतें। यदि किसी क्षेत्र में बाघ या अन्य वन्यजीव की मौजूदगी दिखाई देती है तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
खेतों में जाने वाले ग्रामीणों को सता रहा डर
दियारा के गांव शिवपुर, हरिहरपुर, नरायनपुर, मरिचहवा, बसंतपुर के लोगों में दहशत कायम है। जंगल और नदी के आसपास के इलाकों में खेती-किसानी का काम कैसे करें। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को सीमा से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ानी चाहिए।
