देश में सातवां स्थान हासिल कर बढ़ाया मान
19 से 21 दिसंबर तक इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल में आयोजन हुआ
कुशीनगर: भारत सरकार के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल व स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय बाल रंग महोत्सव में कुशीनगर जिले के बच्चों ने अपनी मेधा का प्रदर्शन कर देश में सातवां स्थान हासिल किया। प्रदेश स्तरीय टीम का प्रतिनिधित्व हाटा नगर के बतरौली पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक सुनील सिंह ने किया।
महोत्सव में कुशीनगर की टीम ने अगहनी लोक नृत्य प्रस्तुत कर राष्ट्रीय स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त किया। बीते 19 से 21 दिसंबर तक इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल में आयोजन हुआ था। उद्घाटन राज्यपाल लालजी टंडन ने किया था। वहां से लौटने के बाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय बतरौली के सहायक अध्यापक सुनील ने बताया कि प्रदेश स्तरीय टीम में बतरौली के 12 बच्चों का चयन हुआ था। जिसमें माधुरी, प्रिया, कल्पना, आंचल, नंदनी, मधु व नेहा आदि शामिल रहीं।
प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह, झांझ वादक, चंद्रहास मिश्र योग नृत्य, वीरेंद्र सिंह हारमोनिया वादक, मुकेश ढोलक वादक व अनुदेशिका मांडवी सिंह नृत्य शिक्षिका की भूमिका सराहनीय रही।