बेटे की बरात में सभासपा विधायक रामानंद बौद्ध ने की हर्ष फायरिंग, वीडियो वायरल
कुशीनगर के रामकोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामानंद बौद्ध ने परसों अपने बेटे की बरात रवाना होने से पहले कई राउंड फायरिंग की।
कुशीनगर (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार में शामिल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के साथ ही अब उनकी पार्टी के विधायक भी अपने रंग में आने लगे हैं। कुशीनगर के रामकोला से विधायक रामानंद बौद्ध ने कल अपने पुत्र की बरात विदा होने से पहले जमकर हर्ष फायरिंग की। उन्होंने खुलेआम फायरिंग की। जब पूछा गया कि सुप्रीम कोर्ट से हर्ष फायरिंग पर रोक लगी है, तो उन्होंने कहा कि वह तो खिलौने वाली पिस्टल थी।
कुशीनगर के रामकोला विधानसभा के सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सभासपा) विधायक रामानंद बौद्ध ने अपने बेटे की बरात रवाना होने से पहले कई राउंड फायरिंग की। माना जाता है कि शादी ब्याह के मौके पर अक्सर फायरिंग की जाती है और कई बार यह हादसों का कारण भी बनती है। इसी वजह से कोर्ट की ओर से हर्ष फायरिंग पर रोक है। रोक के बाद भी लोग हर्ष फायरिंग करने से नहीं चूकते और कई बार तो इस वजह से जानें भी चली जाती हैं।
कुशीनगर में जब विधायक फायरिंग कर रहे थे तभी किसी ने मोबाइल से क्लिप बना ली। अब वीडियो इलाके भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सवाल यह है कि जब माननीय ही ऐसा करेंगे तो आम जनता को भला कैसे रोका जा सकेगा।
कुशीनगर के रामकोला सुरक्षित सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सभासपा) के विधायक रामानंद बौद्ध के कल शाम हर्ष फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विधायक अपने बेटे की बरात में पिस्टल से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। विधायक का यह वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। प्रदेश की भाजपा सरकार में शामिल भासपा के विधायक की इस करतूत की खबर आम होते ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के टीकर गांव निवासी व रामकोला के विधायक रामानंद बौद्ध के बड़े बेटे की रविवार को शादी थी। बरात पड़ोस के जिले महराजगंज जाने के लिए शाम पांच बजे जैसे ही दरवाजे से निकली कि वहां खुशी के माहौल में डूबे विधायक बौद्ध ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। विधायक के फायरिंग करने की कुछ लोगों ने वीडियो बना ली और सोशल मीडिया में वायरल कर दी।
सत्ताधारी दल से जुड़े विधायक का हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन सकते में आ गया। अहिरौली बाजार पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है। एसपी यमुना प्रसाद ने कहा कि प्रकरण में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में विधायक रामानंद बौद्ध ने कहा कि वायरल वीडियो में पिस्टल प्लास्टिक की है, बच्चे उसी प्लास्टिक की पिस्टल से फायरिंग कर रहे थे तो खुशी में मैने भी कर लिया। मेरे नाम से लाइसेंसी शस्त्र ही नहीं है तो फायरिंग कैसे करूंगा।