अभियान के लिए रवाना हुए प्रचार वाहन
पडरौना कुशीनगर कलेक्ट्रेट परिसर से मिशन शक्ति अभियान के लिए प्रचार वाहनों को हरी झं
पडरौना, कुशीनगर: कलेक्ट्रेट परिसर से मिशन शक्ति अभियान के लिए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखा रवाना किया गया। विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रचार वाहन महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूक करेंगे। विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने कहा कि इस जागरुकता अभियान में उन्हें सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा कि महिला व बालिकाओं के प्रति अपराध को सरंक्षण देने वाले चिन्हित होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। मिशन शक्ति कार्यक्रम का संदेश प्रसारित करने वाली वैन के साथ रवाना हुई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि जनपद के सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्र, स्थानीय निकाय, मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों, श्रमिकों, किसानों आदि सभी वर्गों के लोगों को महिला अपराधों के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया जाए। पाक्सो कानून के अंतर्गत बच्चों का यौन हिसा से बचाव, सहायता व पुनर्वास तथा हिसा करने पर दंड के प्रावधान भी लोगों को बताए जाए। कहा कि जनपद में सात वैन अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। इसके पूर्व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की एक रैली निकाली गई, जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नारी सशक्तीकरण व नारी जागरुकता का नारा दिया गया। जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, पूर्व मंत्री मारकंडेय शाही, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।