देवकी को प्रभु ने दिखाया था चतुर्भुज रूप : आचार्य मुकेश
कुशीनगर के कप्तानगंज ब्लाक के बोदरवार में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़ी लीलाओं का वर्णन किया गया।
कुशीनगर: विकास खंड कप्तानगंज के बोदरवार बाजार में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा में आचार्य मुकेश पांडेय ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े प्रसंग का वर्णन किया।
कहा कि कारागार में पुत्र का जन्म होने पर देवकी रोते हुए कहने लगीं कि हे ईश्वर कहीं कंस तुम्हें भी न मार दे। माता की बातों को सुन प्रभु ने कहा कि हे माता जब आप प्रश्नि व पिता वासुदेव सुतपा प्रजापति के नाम से थे तो 12 हजार वर्ष की तपस्या कर वरदान में मुझे पुत्र के रूप में मांगा था तब मैंने आपके गर्भ से अवतार लिया था। दूसरे जन्म में आप दोनों का नाम कश्यप और अदिति था तब मैं उपेंद्र नाम से अवतार लिया। आज आप लोग वासुदेव और देवकी के रूप में है तो मैं श्रीकृष्ण के रूप में अवतरित हुआ हूं। इस पर भी देवकी को विश्वास नहीं हुआ तो प्रभु ने अपना चतुर्भुज रूप दिखाया। मुख्य यजमान अयोध्या वर्मा, श्यामधर वर्मा, प्रवीण वर्मा, सत्यम वर्मा, ओंकारेश्वर वर्मा आदि मौजूद रहे।
विष्णु-नारद संवाद का मंचन
कप्तानगंज उपनगर के समीप स्थित मां दुबौली मंदिर परिसर में चल रहे नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ में रात में रामलीला मंडली के कलाकारों ने भगवान विष्णु-नारद संवाद का मंचन किया। कानोडिया इंटर कालेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र त्रिपाठी ने फीता काट कर रामलीला का शुभारंभ किया। शैलेंद्र मिश्र ने भगवान श्रीराम व माता सीता बने कलाकारों की आरती उतारी। मंचन के क्रम में काम व क्रोध पर विजय प्राप्त कर लेने के बाद नारद के मन में उपजे अभिमान को तोड़ने के लिए भगवान विष्णु ने लीला की। पुजारन लक्ष्मी देवी, उदय मद्धेशिया, गुड्डू कन्नौजिया, रमेश मिश्रा, सर्वेश दूबे, पुनीत कुमार आदि मौजूद रहे।
शिव कथा सुने बिना रामकथा का श्रवण अधूरा
हाटा के श्रीनाथ संस्कृत महाविद्यालय में चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा के दूसरे दिन बुधवार को व्यास पंडित रामज्ञान पांडेय ने कहा कि शिव कथा सुनने वाला ही राम कथा श्रवण का अधिकारी होता है। शिव कथा सुने बिना राम कथा का श्रवण अधूरा माना जाता है। उन्होंने प्रभु श्रीराम व भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। पूर्व सांसद राजेश पांडेय, पूर्व प्रमुख दिलीप सिंह, प्रभुनाथ मिश्र एडवोकेट, प्रबंधक अग्निवेश मणि, गंगेश्वर पांडेय, कालिका दुबे, विश्वास मणि, संजय कुमार पांडेय, भागवत चौहान, डा. रामसुबास पांडेय, मनीष उपाध्याय, यजमान व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल आदि मौजूद रहे।
रामजन्म का मंचन देख भावविभोर हुए श्रद्धालु
मोतीचक ब्लाक के लोहेपार गांव के टोला घिवहीं में चल रहे श्रीविष्णु महायज्ञ में कलाकारों ने रामजन्म का मंचन किया। डा. रवीश सिंह, गोरख साहनी, हेमंत सिंह, रामप्रकाश सिंह, उपेंद्र सिंह, बृजेश उपाध्याय, राव, उदय सिंह, तुलसी सिंह आदि मौजूद रहे।