यूपी से जाता है दिल्ली का रास्ता: ब्रह्माशंकर
पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्मशंकर त्रिपाठी ने गुरुवार को कहा कि यूपी से ही होकर दिल्ली का रास्ता जाता है। यूपी में सपा बसपा और रालोद गठबंधन भारी बहुमत से जीतने जा रहा है। केंद्र में बनने वाली अगली सरकार में हमारे गठबंधन का अहम रोल रहेगा।
कुशीनगर : पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्मशंकर त्रिपाठी ने गुरुवार को कहा कि यूपी से ही होकर दिल्ली का रास्ता जाता है। यूपी में सपा, बसपा और रालोद गठबंधन भारी बहुमत से जीतने जा रहा है। केंद्र में बनने वाली अगली सरकार में हमारे गठबंधन का अहम रोल रहेगा। कार्यकर्ता उत्साह के साथ चुनाव में जुट जाएं। अपना बूथ जिताएं, जो गांव कमजोर हो हमें बताइए, हम उसको ठीक करेंगे। वे कसया बेनेट क्लब मैदान में आयोजित गठबंधन के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा कि भाजपा सिर्फ वादा कर सकती है, विकास नहीं। इसका उदाहरण यहां का एयरपोर्ट है। मायावती सरकार ने जमीन दी। अखिलेश सरकार ने 200 करोड़ रुपये देकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनवाया। यह सरकार तीन वर्ष में धन खर्च कर इसे चालू नहीं करा सकी। गठबंधन के सपा उम्मीदवार नथुनी कुशवाहा ने कहा कि सबको मिलकर एक साथ चलना होगा। एमएलसी एवं लोकसभा चुनाव प्रभारी रामअवध यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं में जीत की कूवत है। कार्यक्रम को ब्लाक प्रमुख अभिषेक उर्फ राजन तिवारी, बसपा नेता मुकेश्वर मद्धेशिया, डा. अब्दुल मजीद, अलाउदीन अंसारी, मनोज तिवारी, विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव, उग्रसेन यादव, कुंदन यादव, एड. रामानंद कश्यप आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता बसपा नेता शाहिद लारी व संचालन जाहिद अंसारी ने किया। इस अवसर पर कृष्णलाल तिवारी, राणा प्रताप राव, फेंकू रावत, विजय तिवारी, बलवंत सिंह, अभय कुंवर, विजय यादव आदि उपस्थित रहे।