कुशीनगर में पत्नी व दो बच्चों की हत्या के बाद फार्मासिस्ट ने की आत्महत्या
बताया जा रहा है कि पति पत्नी के बीच वर्ष 2013 से विवाद चल रहा था। कोर्ट में वाद भी लंबित है। पत्नी सुमन बच्चों के साथ पति के मकान में अलग रह रही थीं।
कुशीनगर (जेएनएन)। पत्नी व दो बच्चों की हत्या के बाद यहां के पडरौना में एक फार्मासिस्ट ने जान दे दी। पत्नी व बच्चों पर चाकू से हमला करने के बाद फार्मासिस्ट ने जहर खा लिया। एक बच्ची को छोड़कर सभी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही जिले डीएम और एसपी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की। इस वारदात में परिवार की बड़ी बेटी ने सीढ़ी के रास्ते दूसरे के छत पर भागकर अपनी जान बचाई।
पडरौना नगर के बावली चौक के निवासी माधव मुरारी सिंह का रात में पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात करीब दो बजे माधव मुरारी ने गहरी नींद में सो रही पत्नी सुमन सिंह (42 वर्ष), पुत्री माधवी (11) पुत्र विक्रम सिंह (8) व मन्नू सिंह (4) पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार किया। सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद माधव मुरारी ने जहर खा लिया। पत्नी तथा दो पुत्रों के साथ माधव मुरारी की मौत हो गई जबकि बेटी बेहद गंभीर है। सुबह कुछ लोगों ने माधवी सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
तीन साल से दोनों का मुकदमा कोर्ट में चल रहा था। कुछ रिश्तेदारों के सुलह समझौता कराने के बाद दोनों के बीच सुलहा होने वाला था, लेकिन शायद कुदरत को यह मंजूर नहीं था। माधव ने परिवार के साथ खाना खाया जिसके बाद उसके तीनों बच्चे सोने चले गये। आधी रात को माधव और उसकी सुमन के बीच झगड़ा होने लगा। इस बीच माधव ने चाकू से अपनी पत्नी पर वार किया पत्नी दूसरे कमरे में भाग गयी तो उसने अपने दोनों बेटों को चाकूओं से गोद दिया। चीख पुकार सुनकर उसकी बड़ी बेटी माधवी जग गयी और छत पर भागने लगी। माधव के सिर पर खून सवार था वह अपनी बेटी का पीछा करते हुए छत पर पहुंचकर उसे बुलाने लगा लेकिन माधवी दूसरे के छत पर भाग गयी।
माधव ने सीढ़ियों के रास्ते छत पर आ रही पत्नी पर चाकूओं से कई वार किया। इसके बाद वह नीचे आया और उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। ग्रामीणों की सूचना पाकर मौके पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फिंगर प्रिंट दस्ता, फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम की भी मदद से सबूत इकट्ठे किये। चार लोगों की जान जाने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई कर रही है। कोतवाल विजय राज सिंह ने आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। एसपी अशोक कुमार पाण्डेय ने घटना स्थल पर पहुंच जांच-पड़ताल के बाद जरूरी निर्देश दिया। फोरेंसिक टीम मौके पर गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।
माधव मुरारी सिंह मूलत: कोतवाली के ही गांव दांदोपुर का रहने वाला था। वह कप्तानगंज सीएचसी में तैनात था। एसपी अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।