गंडक नहर पर पुल निर्माण का रास्ता साफ, पडरौना को मिलेगी जाम से मुक्ति, आवागमन होगा आसान
पडरौना के गायत्री मंदिर के पास गंडक नहर पर 9.64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आठ मीटर चौड़े टू-लेन पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

HighLights
गंडक नहर पर 9.64 करोड़ का टू-लेन पुल स्वीकृत।
पुराने संकरे पुल से होने वाले जाम से मिलेगी निजात।
राजस्व टीम ने पुल निर्माण के लिए भूमि का चिह्नांकन किया।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। पडरौना के गायत्री मंदिर के समीप मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पर 9.64 करोड़ की लागत से प्रस्तावित आठ मीटर चौड़े टू-लेन पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार को राजस्व टीम ने पुल व अप्रोच की जद में आने वाली भूमि का चिह्नांकन किया तो नगर के लोगों में बेहतर आवागमन की उम्मीद बढ़ गई।
नागरिकों का कहना है कि नहर पर संकरा पुल के कारण दिन भर जाम की परेशानी झेलनी पड़ती है। पुल के साथ दोनों तरफ की सड़क भी आठ मीटर चौड़ी हो जाएगी, तब जाम की समस्या दूर हो जाएगी।
शासन स्तर पर की गई थी पहल
पडरौना नगर में जाम की समस्या को दूर कराने के लिए पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री कुंवर आरपीएन सिंह की ओर से गंडक नहर पर दो टू-लेन पुल बनवाने के लिए शासन स्तर पर पहल की गई थी। इसके लिए उन्होंने लगातार प्रयास किया तो सरकार ने पुल निर्माण की स्वीकृति दे दी। पुराने पुल के दोनों तरफ नए टू-लेन पुल बनाए जाने के लिए 9.64 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति मिली है।
नहर के दक्षिण तरफ स्थित होटल स्काईलार्क से कठकुइयां मोड़ तक दोनों तरफ पुल का अप्रोच मार्ग आठ मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसकी जद में आने से पीडी माल, बाइक एजेंसी व सिनेमा हाल परिसर का अगला हिस्सा प्रभावित होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग/लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव एवं जिलाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के क्रम में मंगलवार की शाम प्रभारी राजस्व निरीक्षक योगेंद्र गुप्ता, सदर लेखपाल संतोष गुप्ता, पीडब्ल्यूडी गोरखपुर के साइट इंजीनियर आमोघ त्रिपाठी, वैल्यूअर विजय प्रताप सिंह समेत राजस्व एवं निर्माण विभाग से जुड़े कर्मचारियों ने प्रस्तावित पुल के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक भूमि की स्थिति, सीमा एवं संबंधित अभिलेख का मिलान करते हुए चिह्नांकन किया।
पुल निर्माण की प्रक्रिया में गति आने पर नगर के लोगों ने प्रसन्नता जताई। व्यापारी नेता मनोज मोदनवाल, विनोद चौरसिया, पवन मोदनवाल आदि ने कहा कि गंडक नहर का पुराना पुल संकरा होने के कारण दिन भर जाम की परेशानी झेलनी पड़ती है। नया टू-लेन पुल बन जाने से जाम से निजात मिलेगी।
पुल व अप्रोच मार्ग के लिए भूमि आरक्षित हो जाने के बाद कार्यदायी संस्था साधक्षा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। राजस्व टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर भूमि का चिह्नांकन किया है।
-अमोघ त्रिपाठी, साइट इंजीनियर लोक निर्माण विभाग
