नेपाल से लगी इंटरनेशनल सीमा कानून व्यवस्था के लिए चुनौती : एडीजी
गोरखपुर के अपर पुलिस महानिदेशक दावा शेरपा ने कहा कि पुलिस का प्रोडक्ट सुरक्षा और कानून व्यवस्था है। जनता कस्टमर होती है। पूर्व के मुकाबले जोन में 40 फीसद गंभीर अपराधों में गिरावट आई है। नेपाल सीमा से लगा खुला इंटरनेशनल बार्डर हमारे लिए दोगुनी चुनौती है।
कुशीनगर: गोरखपुर के अपर पुलिस महानिदेशक दावा शेरपा ने कहा कि पुलिस का प्रोडक्ट सुरक्षा और कानून व्यवस्था है। जनता कस्टमर होती है। पूर्व के मुकाबले जोन में 40 फीसद गंभीर अपराधों में गिरावट आई है। नेपाल सीमा से लगा खुला इंटरनेशनल बार्डर हमारे लिए दोगुनी चुनौती है। पूर्व के मुकाबले अब वैज्ञानिक साक्ष्य के सहारे दोषी को दंड दिलाना आसान हो गया है। गोरखपुर में शीघ्र ही हाईटेक विधि विज्ञान प्रयोगशाला कार्य करने लगेगा। इसमें डीएनए जांच तक संभव होगा। इस प्रयोगशाला में 12 विभाग जुड़ेंगे।
एडीजी मंगलवार को कसया थाना परिसर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता में साफ सुथरी होनी चाहिए। अगर हम अपना दायित्व और कर्तव्य सही लोगों के बीच बांट दें तो बेहतर परिणाम हासिल किया जा सकता है। साइबर क्राइम को चुनौती मानते हुए एडीजी ने कहा कि पुलिस को इससे निपटने के लिए ट्रेनिग दी जा रही है। कहा कि इस बीच चेकिग के बहाने तरह-तरह की उत्पीड़न की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए।