गायब किशोर बरामद, पुलिस ने की अफवाह से बचने की अपील
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर निवासी चौदह वर्षीय एक किशोर शनिवार को रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। संभावित स्थानों पर छानबीन के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। रविवार की शाम किशोर सकुशल घर वापस आ गया। परिजन किशोर के बच्चा चोर गिरोह के हाथ लगने की बात कह रहे जबकि पुलिस इससे इंकार कर रही।
कुशीनगर : कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर निवासी चौदह वर्षीय एक किशोर शनिवार को रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। संभावित स्थानों पर छानबीन के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। रविवार की शाम किशोर सकुशल घर वापस आ गया। परिजन किशोर के बच्चा चोर गिरोह के हाथ लगने की बात कह रहे, जबकि पुलिस इससे इंकार कर रही। बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी दिवाकर प्रजापति शनिवार को कप्तानगंज कस्बा स्थित स्कूल गया था। शाम को घर आने के बाद दोस्तों संग खेलने की बात कह वह घर से निकला पर वापस नहीं आया। संभावित स्थानों पर छानबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस किशोर की तलाश में जुट गई। रविवार सुबह किशोर घर आ गया। पूछने पर उसने बताया कि उसे बच्चा चोर चार पहिया वाहन में उठा ले गए थे। गोरखपुर में गाड़ी रुकी तो वह वहां से भाग निकला। उधर एसएचओ ने किशोर की बात से इंकार करते हुए कहा कि किशोर द्वारा दी जा रही जानकारी मनगढंत है। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि जनपद में कोई बच्चा चोर गिरोह सक्रिय नहीं है, और न ही अब तक बच्चा चोरी की कोई घटना सामने आई है। एसपी ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे अफवाह से बचें, दूसरों को भी जागरुक करें।