मुख्य आरोपित पकड़ से दूर, पुलिस पर बढ़ा दवाब
विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी की हत्या के प्रयास मामले में मुख्य आरोपित गांव कनखोरिया निवासी रितेश तिवारी तीन दिन बाद भी पुलिस पकड़ से दूर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दवाब बढ़ता जा रहा है।
कुशीनगर : विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी की हत्या के प्रयास मामले में मुख्य आरोपित गांव कनखोरिया निवासी रितेश तिवारी तीन दिन बाद भी पुलिस पकड़ से दूर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दवाब बढ़ता जा रहा है।
मंगलवार को डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह व एसपी विनोद कुमार मिश्र ने मौके का निरीक्षण किया तो सपा नेता पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने भी पहुंच कर घटनाक्रम की जानकारी ली और आरोपितों के शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि कानून व्यवस्था के लिए यह घटना खुली चुनौती है। प्रशासन को इससे सबक लेनी चाहिए। हालांकि घटना में शामिल दो बदमाश कनखोरिया निवासी अजय यादव एवं झुंगवा निवासी अभिषेक उर्फ मन्नन पुलिस की गिरफ्त में हैं, पर पुलिस को उनसे कुछ खास हासिल नहीं हो पाया है।
दूसरी तरफ राजनीतिक हलकों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। अब तक कि पुलिस जांच में जो बातें सामने आईं हैं उनमें विधायक पुत्र दिव्येंदु मणि त्रिपाठी बदमाशों के टारगेट थे। हालांकि घटनाक्रम से पूरी तरह पर्दा तभी हटेगा जब घटना का मुख्य आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ जाए। मुख्य आरोपित के लगातार लोकेशन बदलने से पुलिस के हाथ अभी उस तक नहीं पहुंच सके हैं। डीएम, एसपी ने विधायक के पुत्र से हर पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। एसपी ने बताया कि जल्द ही मुख्य आरोपित गिरफ्तार हो जाएगा। पुलिस अपना कार्य कर रही है।