विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुशीनगर में स्कूल में बेहोश होने के बाद छात्रा की मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा, शिक्षक निलंबित

Published: Wed, 23 Sep 2026 08:49 PM (IST)

कुशीनगर के रामकोला स्थित एक कंपोजिट विद्यालय में कक्षा 7 की छात्रा नेहा भारती की स्कूल में बेहोश होने के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कक्षा 7 की छात्रा नेहा भारती की स्कूल में मृत्यु हुई।

  2. परिजनों और ग्रामीणों ने दहाउर चौराहे पर प्रदर्शन किया।

  3. बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर जांच टीम बनाई।

जागरण संवाददाता, कुशीनगर। रामकोला के महुअवां गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय में कक्षा 7 की छात्रा नेहा भारती (13) पुत्री राजाराम बुधवार को विद्यालय में अचानक अचेत होकर गिर गई। उसे नजदीक के दहाउर चौराहा पर प्राइवेट डाक्टर के पास ले जाया गया। सुधार न होने पर स्वजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल कुशीनगर रेफर कर दिया। रास्ते में छात्रा की मृत्यु हो गई।

आक्रोशित स्वजन संग ग्रामीण दहाउर चौराहा पर शव रख कर प्रदर्शन करने लगे। दो घंटे प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर के आश्वासन के बाद लोग माने और मामला शांत हुआ। देर शाम स्वजन शव का अंतिम संस्कार कर दिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए अनिल कुमार सिंह ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है। जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर दी है।

यह है पूरा मामला

थाना रामकोला के गांव रामपुर भाठ, अहीर टोली निवासी नेहा भारती महुअवां गांव में स्थित कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल में कक्षा 7 की छात्रा थी। रोज की भांति बुधवार को विद्यालय में पढ़ने आई थी। दोपहर एक बजे अचानक विद्यालय के कक्षा में गिर कर बेहोश हो गई। साथ के छात्र चौराहे पर प्राइवेट डाक्टर के पास ले गए। इस बीच स्वजन भी आ गए।

छात्रा को लेकर सीएचसी रामकोला गए। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। रास्ते में मृत्यु हो गई। नाराज स्वजन शव को दहाउर चौराहे पर ले आए और शव रख कर प्रदर्शन करने लगे। उनका आरोप था कि अगर अध्यापक विद्यालय में रहते तो बच्ची की मृत्यु नहीं होती, समय से उपचार हो गया होता।

प्रदर्शन की सूचना पर एसओ रामकोला चंद्रभान सिंह पहुंच गए। कुछ ही देर में बीईओ रामकोला डा. प्रभात चंद राय और बीईओ नेबुआ नौंरगिया रजनीश कुमार द्विवेदी भी पहुंचे गए।

एसडीएम पडरौना सदर विवेक मिश्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच करा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्वजन माने और प्रदर्शन समाप्त हो गया। इसके बाद स्वजन गांव के बाहर बागीचे में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

विद्यालय में एक ही अध्यापक की है तैनाती

कंपोजिट विद्यालय महुअवां में एक मात्र अध्यापक योगेन्द्र श्रीवास्तव तैनात हैं। घटना के समय वे स्कूल के काम से बैंक के लिए निकले थे, तभी उन्हें छात्रा के बेहोश होने की सूचना मिली। लौट कर स्कूल पहुंचे मगर तब तक देर हो चुकी थी।

स्वजन के आरोपों के आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दुख की घड़ी में विभाग परिवार के साथ है।

-अनिल कुमार सिंह, बीएसए