बुद्ध मंदिर में होगा भारत का पहला पर्यटक सुविधा केंद्र
माथा कुंवर बुद्ध मंदिर परिसर में भारत का पहला पर्यटक सुविधा केंद्र होगा। थाई बुद्धिस्ट मोनास्ट्री कुशीनगर के सहयोग से इसका निर्माण होगा।
कुशीनगर: माथा कुंवर बुद्ध मंदिर परिसर में भारत का पहला पर्यटक सुविधा केंद्र होगा। थाई बुद्धिस्ट मोनास्ट्री कुशीनगर के सहयोग से इसका निर्माण होगा। यह छह महीने में बनकर तैयार भी हो जाएगा। कार्यदायी संस्था के मांक इंचार्ज डॉ. पी. खोमसान के मुताबिक यह भारत का प्रथम पर्यटक सुविधा केंद्र होगा, रखरखाव मोनास्ट्री ही करेगी। यह थाई बौद्ध स्थापत्य कला का नमूना होगा। इसमें सैलानियों के बैठने व प्रसाधन की सुविधा उपलब्ध होगी। पर्यटन विभाग के कर्मचारी सैलानियों से बौद्ध सर्किट में पर्यटन, खानपान, आवास, यातायात आदि से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कर सकेंगे। सेंटर से सैलानियों को ब्रोशर, मैप, बौद्ध साहित्य आदि भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
शनिवार को मंडलायुक्त जयंत नार्लीकर ने मंदिर के निकट नींव में ईंट रख इस पर्यटक सुविधा केंद्र का शिलान्यास किया। कहा कि अब यहां विदेशी सैलानियों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। मोनास्ट्री के इस कार्य को डीएम ने भी सराहा। इससे पूर्व मंडलायुक्त ने बिरला शिव मंदिर, महापरिनिर्वाण मंदिर, रामाभार स्तूप एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डीएम व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को ऐतिहासिक स्थलों के सामने नाले पर स्लैप डलवाने के लिए निर्देशित किया। स्मृति स्वरूप उन्होंने निर्माणाधीन परिसर में थाईलैंड से विशेष रूप से मंगाए गए पाकड़ के पौधे को रोपित किया।
डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह, एडीएम विध्यवासिनी राय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पांडेय, एसडीएम हाटा पीके तिवारी, भंते महेंद्र, पी. सोमपोंग, पी. सोंगक्रान, क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी रविद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप