उत्तर प्रदेश में रेलवे स्टेशन पर युवक को मारी गोली, पीड़ित ने पुलिस को घटना के पहले दी थी तहरीर
कुशीनगर के तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात मां के कैंसर इलाज के लिए लखनऊ जा रहे राजन शर्मा को गोली मार दी गई।

एआई जनरेटेड तस्वीर। गंभीर रूप से घायल राजन को गोरखपुर रेफर किया गया
HighLights
तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर राजन शर्मा को गोली मारी।
मां के कैंसर इलाज के लिए लखनऊ जा रहे थे।
आरोपी आदर्श सिंह उर्फ बंटी फरार, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। मां को कैंसर की दवा दिलाने लखनऊ जा रहे 26 वर्षीय राजन शर्मा को मंगलवार रात तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर गोली मार दी गई। ट्रेन पकड़ने पहुंचे राजन के साथ हुई इस वारदात से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
लखनऊ-गोमतीनगर समर एक्सप्रेस में चढ़ने के बाद वह पानी लेने नीचे उतरे थे। इसी दौरान आरोपी अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और उनकी जांघ में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल राजन को पुलिस ने सीएचसी सेवरही पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल और फिर बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
तरयासुजान क्षेत्र के घघवा जगदीश निवासी राजन अपनी मां के कैंसर के उपचार के लिए लखनऊ जा रहे थे। मंगलवार रात करीब 10:45 बजे ट्रेन तमकुहीरोड स्टेशन पर रुकी तो वह उसमें चढ़ गए। कुछ देर बाद पानी लेने के लिए नीचे उतरे। इसी बीच सेवरही थाना क्षेत्र के रकबा जंगली पट्टी निवासी आदर्श सिंह उर्फ बंटी अपने दो साथियों के साथ ट्रेन में पहुंचा और राजन को गोली मार दी।
वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। गोली चलने की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भेजा गया। जीआरपी इंस्पेक्टर अनुज सिंह के अनुसार घायल ने बयान दिया है कि ट्रेन में चढ़ते समय उसे दौड़ाकर गोली मारी गई।
पहले जताया था खतरा, 4 पर दर्ज हुआ था मुकदमा
राजन ने 10 अक्टूबर को तरयासुजान थाने में तहरीर देकर जानमाल के खतरे की आशंका जताई थी। थानाध्यक्ष के अनुसार तहरीर के आधार पर उसी दिन चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बाद में शांतिभंग के तहत कार्रवाई कर उन्हें छोड़ दिया गया था।
घायल राजन तरयासुजान थाने और गोली मारने का आरोपित आदर्श सिंह उर्फ बंटी सेवरही थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। सीओ के अनुसार, घटना के संबंध में घायल की ओर से अभी तक जीआरपी या नागरिक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
