कुशीनगर में खौफनाक वारदात: पिता-चाचा ने ली प्रेमी की जान, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
कुशीनगर में आपत्तिजनक हालत में देख युवती के पिता और चाचा ने प्रेमी मोहित मद्धेशिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें
HighLights
युवती के पिता और चाचा ने प्रेमी को पीट-पीटकर मारा।
आपत्तिजनक हालत में देखने पर हुआ विवाद, हत्या का कारण।
पुलिस ने पिता को गिरफ्तार किया, चाचा की तलाश जारी।
संवाद सूत्र, गोबरहीं, (कुशीनगर)। आपत्तिजनक हाल में देख युवती के पिता व चाचा ने मिलकर प्रेमी को पीट-पीट कर मार डाला। हत्या के बाद शव का कमरे से घसीटते हुए सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। घटना के विरोध में स्वजन संग ग्रामीणों ने मंगलवार को सुबह छह बजे दोपहर 12 बजे तक सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया।
लोगों के आक्रोश चलते शव को कब्जे में लेने में पुलिस के पसीने छूट गए और हल्का बल प्रयोग तक करना पड़ा। कसया के डुमरी चुरामन छपरा में मंगलवार को सामने आई इस घटना को लेकर गांव में अब भी तनाव बना हुआ है, पुलिस कैंप कर रही है। मुकदमा दर्ज कर आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। चाचा घर छोड़ कर फरार है, दबिश दी जा रही है।
चार भाईयों में सबसे छोटे 24 वर्षीय मोहित मद्धेशिया का बगल के ही गांव की एक युवती से एक माह से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। सोमवार की रात युवती गांव के बाहर बने युवक के मकान में मिलने पहुंची थी। इसी दौरान युवती के पिता अरविंद गोंड अपने चचेरे भाई शैलेश गोंड के साथ वहां पहुंचे और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
दोनों ने मिलकर युवक की लाठी से पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो कंडोम और युवक का मोबाइल बरामद किया। मोबाइल में डायल नंबर के आधार पर पुलिस की छानबीन आगे बढ़ी तो हत्या की गुत्थी परत दर परत तुरंत खुलने लगी।

गोबरही-हेतिमपुर सड़क जाम किए ग्रामीणों को हटाती पुलिस। जागरण
इसी बीच एक दुकान पर बैठी युवती के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चाचा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि, लड़की के पिता ने ही चचेरे भाई के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल की है। पिता याेगेंद्र मद्धेशिया की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एसडीएम विवेक कुमार मिश्र, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, सीओ डा. अजय सिंह के अलावा आठ थानों की पुलिस व पीएसी तैनात रही।
जाम करने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा
सड़क जाम कर यातायात को अवरूद्ध करने वालों के विरुद्ध पुलिस मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है। थानाध्यक्ष ने बताया कि, ग्रामीणों को भड़काने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर : आर्थिक तंगी के कारण नहीं टलेगा सफर, 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की तैयारी
शरीर पर 15 से अधिक चोटें, लीवर फटने से हुई मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 15 चोटें मिली हैं। सर्वाधिक चोट पेट पर मिले, जो किसी भारी वस्तु से किए गए हैं। इससे लीवर फट गया और अधिक रक्तस्राव से मौत हो गई।
