कुशीनगर में डोल मेला में हुड़दंग, पुलिस की लाठियों से युवक का फटा सिर
कुशीनगर के सलेमगढ़ डोल मेला में अश्लील नृत्य और युवाओं के हुड़दंग के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान एक युवक का सिर फट गया।
-1789054990894_m.webp)
HighLights
सलेमगढ़ डोल मेला में अश्लील नृत्य और हुड़दंग हुआ।
युवाओं के उत्पात पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
लाठीचार्ज में एक युवक का सिर फट गया।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। सलेमगढ़ डोल मेला में प्रशासन का आदेश ताक पर रख कर अश्लील गानों पर नर्तकियों ने फूहडता का प्रदर्शन किया तो युवाओं के हुड़दंग ने शांति व्यवस्था पर खतरा खड़ा कर दिया।
गुरुवार की देर शाम हाईवे चौराहे सामने आई इस स्थिति को देख पुलिस को मजबूरन लाठी चार्ज करना पड़ा। इसमें एक युवक का सिर फट गया तो कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थिति सामान्य हाेने के बाद डोल मेला आगे बढ़ा और सकुशल संपन्न हुआ।
महावीरी अखाड़े सहित अन्य अखाड़ों के सदस्य पारंपरिक लाठी भांजने की कला सहित अन्य हैरतअंगेज करतब का प्रर्दशन कर रहे थे। वहीं बिहार से आए आर्केस्ट्रा की नर्तकियों द्वारा फूहड़ गानों पर अश्लील नृत्य परोसा जा रहा था।
उमड़ी भीड़ के बीच इसके साथ युवाओं का समूह थिरकते हुए उनके साथ बदसलूकी करने पर उतर आए। पुलिस के मना करने के बाद नहीं माने तो पुलिस टीम ने लाठी भांजी।
तमकुहीराज के पथरवां निवासी चंदन कुमार का सिर फूट गया। मेले के दौरान अफरा-तफरी मच गई। एसएचओ तरयासुजान रघुनाथ नितिन श्रीवास्तव ने घायल को सीएचसी तमकुहीराज भिजवाया। बताया कि, शांति व्यवस्था को लेकर हल्का बल प्रयोग किया गया है।
इस दौरान मेले के सुरक्षा व्यवस्था में दो सेक्शन पीएसी व 300 पुलिस कर्मी तैनात रहे। पांचों अखाड़े के आयोजक रमेश जायसवाल, सतीश ब्याहुत, मोती यादव, मुकेश गुप्ता, लक्ष्मी पांडेय, पारस चौहान भी मौजूद रहे।
