पडरौना: बदलते मौसम की मार, मरीजों से भरी सेवरही सीएचसी की ओपीडी
मौसम में बदलाव के कारण पडरौना के सेवरही सीएचसी में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही की ओपीडी में 350 से अधिक मरीज
HighLights
मौसम बदलने से सर्दी, खांसी, बुखार के मरीज बढ़े।
सेवरही सीएचसी ओपीडी में 350 से अधिक मरीज पहुंचे।
चिकित्सकों ने सावधानी बरतने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, पडरौना (सेवरही)। दिन में तेज धूप और शाम को ठंड का अहसास लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। मौसम में बदलाव के चलते सर्दी, खांसी, जुकाम और हल्के बुखार के मरीज बढ़े हैं। इसका असर बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक पड़ रहा है। राहत की बात केवल यह है कि गंभीर मरीजों की संख्या में कमी आई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही की ओपीडी में 350 से अधिक मरीज पहुंचे। इनमें करीब 60 प्रतिशत मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम, गले में खराश और बुखार से पीड़ित थे। अधिकांश ने लगातार छींक आने, सर्दी और थकान की शिकायत की। जोड़ों के दर्द से परेशान मरीज भी उपचार के लिए पहुंचे।
किसी भी मरीज को गंभीर स्थिति में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। जांच के बाद दवाएं देकर मरीजों को घर भेज दिया गया। सीएचसी अधीक्षक डा. अमित जायसवाल ने बताया कि मौसम में बदलाव से मौसमी सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का असर बढ़ा है। शाम को ठंडी हवा लगने और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने सावधानी बरतने की सलाह दी।
अस्पताल के फिजिशियन डा. अखिलेश कुमार ने कहा कि सुबह और शाम हल्के गर्म कपड़े पहनें। ठंडे पानी और कोल्ड ड्रिंक से परहेज करें। बाहर से आने के तुरंत बाद पंखे या एसी के सामने न बैठें। गुनगुना पानी पिएं और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाएं। चिकित्सक की सलाह के बिना एंटीबायोटिक न लें। बुखार दो दिन से अधिक रहने पर ओपीडी में जांच कराएं। बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का विशेष ध्यान रखें।
