श्रीलंका में भी चल रही कुशीनगर के लिए उड़ान की तैयारी
कुशीनगर में श्रीलंका से आनी है पहली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट बौद्ध धर्मगुरुओं से संपर्क करने में जुटे उच्चायुक्त।
कुशीनगर : नवनिर्मित कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान की तैयारियां श्रीलंका में भी जोरशोर से चल रही हैं। श्रीलंका स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों ने वहां के बौद्ध धर्मगुरुओं से संपर्क साधा है। उद्घाटन उड़ान से श्रीलंका के बौद्ध भिक्षुओं को कुशीनगर आना है।
उच्चायोग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी मिली है। भारतीय उच्चायुक्त गोपाल बांगले ने श्रीलंका के प्रमुख बौद्ध धर्मगुरु प्रो. कोटपिटी राहुला अनुनायका थेरो से मुलाकात कर भारत-श्रीलंका के संबंध और मजबूत करने की पहल के बारे में बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए 15 मिलियन यूएस डालर के अनुदान और कुशीनगर एयरपोर्ट पर श्रीलंका से होने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान की भी जानकारी दी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने पूर्व में पांच से 10 अक्टूबर 2020 के मध्य श्रीलंका से 180 बौद्ध भिक्षुओं को लेकर बोइंग 737 विमान आने की जानकारी दी थी लेकिन कोविड-19 के चलते उड़ान टल गई। यहां के लोगों को अंतराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने का शिद्दत से इंतजार है। लोग उस दिन की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं जब यहां के हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट उतरेगी। इस हवाई अड्डे से बिहार के लोगों को भी फायदा होगा।
कुशीनगर में श्रीलंका के प्रमुख बौद्ध भिक्षु व सांस्कृतिक राजदूत अस्स जी ने कहा कि श्रीलंका में उद्घाटन उड़ान की तैयारियां चल रही हैं। वहां के अधिकारी व बौद्ध भिक्षु संपर्क में हैं। जैसे ही कोविड-19 को लेकर सकारात्मक स्थिति बनी, फ्लाइट का शेड्यूल आएगा।
कुशीनगर एयरपोर्ट के निदेशक एके द्विवेदी ने कहा कि यह तय है कि उद्घाटन उड़ान श्रीलंका से होगी। यहां भी लगभग पूरी तैयारी है। सब कुछ ठीक रहा तो फरवरी से उड़ान शुरू हो जाएगी।