कुशीनगर में चुनाव की तैयारी में जुटें बसपा कार्यकर्ता: भीम राजभर
कुशीनगर में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने कहा कि पिछड़ों व दलित वर्ग को भाजपा ने छला है बसपा में ही सर्व समाज का हित सुरक्षित है।
कुशीनगर: बहुजन समाज पार्टी सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के सिद्धांत पर कार्य करती है। 21 वीं सदी हमारी है, इसलिए सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी में लग जाएं।
यह बातें बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने कही। वह मंगलवार को खड्डा विधानसभा क्षेत्र के केशवपट्टी गांव में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि भाजपा ने पिछड़े, दलित व शोषितों के साथ छल किया है। सर्व समाज का हित बसपा में ही सुरक्षित है। सेक्टर प्रभारी असगर अली, आनंद दूबे, शाकिर अली, केएन पांडेय, मिट्ठू राजभर, लालमुनि यादव, त्रिलोकी राजभर आदि ने भी संबोधित किया। अतिथियों ने डा. अंबेडकर, बसपा संस्थापक कांशीराम व संत गाडगे के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रमेश कुमार ने व संचालन पूर्व विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुभाष गौतम ने किया। पूर्व चेयरमैन मुकेश्वर मद्धेशिया, रामधनी, सलामुद्दीन अंसारी, विजय कुशवाहा, अजीमुद्दीन अंसारी, राजेश यादव, इकबाल अहमद खान आदि मौजूद रहे।
इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का सोहरौना चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। सेक्टर प्रभारी असगर अली, जिला संगठन मंत्री रामनाथ चौहान, रितेश कुमार सागर, एजाज अहमद, जीतेंद्र शर्मा, फेकू रावत, जवाहर गोंड, अंगद चौहान आदि मौजूद रहे।
मदरसों में दी जा रही बुनियादी तालीम: बक्शीस अहमद
सरकार अल्पसंख्यकों की भरपूर मदद कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकारें मदरसों का आधुनिकीकरण करा रही हैं। मदरसों में दीनी तालीम के साथ-साथ बुनियादी शिक्षा की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि छात्र-छात्राएं अपनी योग्यता के मुताबिक रोजगार पा सकें।
यह बातें उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य बक्शीस अहमद वारसी ने कही। वह कुशीनगर में भ्रमण के दौरान रामकोला ब्लाक के धुंआटीकर गांव में भाजपा मंडल अध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव के कैंप कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर रहे थे। कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार ने आधुनिकीकरण के लिए सभी प्रदेशों में मदरसों का चयन किया है। उनमें सर्वाधिक सौ मदरसे उत्तर प्रदेश के हैं। इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है। भ्रमण के दौरान उन्होंने मदरसों की स्थिति का जायजा लिया। शिकायतों की जांच की और कमियों की रिपोर्ट शासन के समक्ष रखने की बात कही।