पूरे दिन चली बर्फीली हवा, घरों में कैद रहे लोग
चार दिन से बिगड़े मौसम के मिजाज ने मानव से लेकर पशु पक्षी को प्रभावित करके रख दिया है। सुबह-शाम घना कोहरा और पूरे दिन-रात चलने वाली बर्फीली हवाओं से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
कुशीनगर : चार दिन से बिगड़े मौसम के मिजाज ने मानव से लेकर पशु पक्षी को प्रभावित करके रख दिया है। सुबह-शाम घना कोहरा और पूरे दिन-रात चलने वाली बर्फीली हवाओं से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
महिलाएं, बच्चे सभी घरों में कैद होकर रह गए है। काम-काज के लिए घरों से निकल रहे लोगों को ठंड से लड़ना पड़ रहा है। ठंड से बचाव का हर इंतजाम करके निकलने के बाद भी लोग ठिठुर रहे हैं और जहां भी सड़क के किनारे अलाव जलता मिल रहा है वहां रुककर शरीर को गर्मी पहुंचा रहे हैं। गुरुवार को थोड़ी धूप निकली लेकिन बादलों के डेरा डाले रहने के कारण लोगों को बहुत राहत नहीं मिल सकी।
नगर पालिकाओं और पंचायतों ने स्थायी-अस्थायी रैन बसेरों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की है लेकिन इस कड़ाके की ठंड में यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। जगह-जगह टायर, गत्ते, कागज, कूड़ा-करकट जलाकर रिक्शा, ठेला, बैलगाड़ी चालक व मजदूर वर्ग शरीर को गर्मी पहुंचा रहे हैं। ठंड का असर यह है कि सड़कों पर जहां पूरे दिन चहल-पहल कम रह रही है, वहीं शाम होते ही सन्नाटा पसर जा रहा है।
आम दिनों में रात दस बजे तक खुली रहने वाली दुकानें सात से आठ बजे तक बंद हो जा रही हैं। ठंड का हर बचाव बर्फीली हवाओं के आगे बेकार साबित हो रहा है। ठंड की चपेट में सबसे अधिक प्रभावित महिलाएं हैं जिन्हें पानी से ही घर का कामकाज निपटाना है। इन्हें ठंड से बचाने के लिए परिजन कोयला से लेकर लकड़ी तक का इंतजाम करने में लगे हैं। घर-घर में हीटर, ब्लोअर, कोयला, लकड़ी जलाए जा रहे हैं। ठंड के कारण शाम को लोगों ने कहीं यात्रा पर निकलना छोड़ दिया है। बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से निकल रहे हैं। रोडवेज की बसों से लेकर टैक्सी, टेंपो चालकों को शाम पांच बजे के बाद सवारी नहीं मिल रही है।
गरीबों, असहायों को बांटे जा रहे कंबल
- नगर पंचायत अध्यक्ष आभा गुप्ता व उनके प्रतिनिधि शिवशंकर अग्रहरि ने उपनगर के गरीबों में कंबल वितरित किया। रवींद्र गोंड़, रफीक राइन, सतीश यादव, सुरेश यादव, सौरभ सिंह, हरीश सिंह आदि मौजूद रहे। विकास खंड विशुनपुरा के दो गांवों में नायब तहसीलदार अमित शेखर की देखरेख में शांति देवी, सुदामा प्रसाद, राबड़ी देवी, कमरदानी, सुमित्रा समेत 12 लोगों को कंबल दिया गया।
जबकि लीलाधर छपरा में 28 लोगों को कंबल बांटा गया। ग्राम प्रधान अख्तर हुसैन, कानूनगो हरीओम, मनोज कुमार, नौशाद, लूटन चौधरी आदि मौजूद रहे।दही विकास खंड के गांव दोघरा के मुसहर बस्ती में प्रधान नंदलाल तिवारी के नेतृत्व में मुसहरों के बीच कंबल वितरित किया गया। राजस्व निरीक्षक रमेश यादव, इब्राहिम, छोटेलाल, संपत्ति प्रसाद, किशुन, रामानंद आदि उपस्थित रहे।