ऑनलाइन ट्रेडिग व्यापारियों के लिए अहितकर
किसी भी प्रकार का व्यापारियों का उत्पीड़न संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पांडेय आदि ने भी संगठन की मजबूती के लिए अपना विचार रखा।
कुशीनगर: उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारीलाल कंछल ने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिग व्यापारियों के लिए अहितकर है। जरूरत पड़ी तो इसके विरोध में व्यापार मंडल भारत बंद का भी आह्वान करेगा। कहा कि कोरोना महामारी में व्यापारी बिना परवाह किए लोगों के घरों तक सामग्री उपलब्ध कराए हैं। इनके साथ भेदभाव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वह नगर स्थित होटल में व्यापारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। प्रांतीय उपाध्यक्ष विजय देवड़ा ने इसका हर हाल में विरोध करने की बात कही। जिलाध्यक्ष द्रव्यलाल गुप्ता ने भी ऑनलाइन व्यापार का विरोध किया। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी प्रकार का व्यापारियों का उत्पीड़न संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पांडेय आदि ने भी संगठन की मजबूती के लिए अपना विचार रखा। संचालन युवा अध्यक्ष रवि मद्देशिया ने किया। नगर अध्यक्ष उमेश मद्देशिया, उपाध्यक्ष विजय सिंह, रविद्र जायसवाल, केडी राव, दिलीप जायसवाल, पंकज मद्देशिया, सन्नी जायसवाल, राहुल मद्देशिया आदि उपस्थित रहे।