सरकार एससी, एसटी एक्ट का नहीं होने देगी दुरुपयोग: कलराज
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद कलराज मिश्र ने कहा कि सरकार एससी -एसटी एक्ट का दुरुपयोग नहीं होने देगी। सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि मैंने पूर्व में भी कहा था कि एक्ट के दुरुपयोग को रोकने के लिए सभी राजनैतिक दलों को अपने क्षेत्र का फीड बैक लेकर और मिल बैठ कर विचार करना चाहिए, ताकि सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहे।
कुशीनगर: भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद कलराज मिश्र ने कहा कि सरकार एससी -एसटी एक्ट का दुरुपयोग नहीं होने देगी। सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि मैंने पूर्व में भी कहा था कि एक्ट के दुरुपयोग को रोकने के लिए सभी राजनैतिक दलों को अपने क्षेत्र का फीड बैक लेकर और मिल बैठ कर विचार करना चाहिए, ताकि सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहे। उच्चतम न्यायालय ने अपने एक आदेश में एक्ट पर जो निर्णय दिया है उससे मुझे विश्वास है कि इसका दुरुपयोग नहीं होने पाएगा। मिश्र रविवार को विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी के आवास पर पत्रकार वार्ता कर रहे थे। कहा कि विपक्षी दल सोशल मीडिया के माध्यम से एक्ट के बारे में भ्रम फैला रहे हैं। इससे लोगों को सजग रहने की जरूरत है। एक प्रश्न के उत्तर में मिश्र ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाध्यताओं के कारण पेट्रोल व डीजल के मूल्य बढ़ रहे हैं, फिर भी सरकार नियंत्रण करने की दिशा में लगी हुई है। भविष्य में मूल्य पर नियंत्रण कर लिया जाएगा। विकल्प के रूप में एथेनाल आदि के उपयोग पर विचार किया जा रहा है। सरकार की नियत साफ है। प्रयास तेजी से चल रहा है। मोदी सरकार की योजनाओं का लोगों को लाभ मिल रहा है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि निर्यात को बढ़ावा देना शुरू किया गया है। इससे रुपया मजबूत होगा। इस सबके बाद भी महंगाई पर नियंत्रण है। विषम परिस्थितियों के बाद भी आर्थिक रेगुलेटरी और सुशासन के कारण राज्यकोषीय घाटा काफी कम हुआ है। सरकार पूरी पारदर्शिता से कार्य कर रही है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जेपी शाही, विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।