मार्ग दुर्घटनाओं में चार की मौत, कई घायल
जनपद में मंगलवार को अलग-अलग जगहों पर हुई मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। अधिकांश दुर्घटनाओं की वजह तेज रफ्तार बनी। मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं।
कुशीनगर : जनपद में मंगलवार को अलग-अलग जगहों पर हुई मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। अधिकांश दुर्घटनाओं की वजह तेज रफ्तार बनी। मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं। लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा।
मंसाछापर संवाददाता के अनुसार पडरौना कोतवाली क्षेत्र के गांव मटियरवा के निकट पडरौना-खिरकिया मार्ग पर शाम चार बजे पडरौना की तरफ सवारी लेकर जा रहे टेंपो को सामने से आए तेज रफ्तार पिकअप ने ठोकर मार दी, जिससे टेंपो चालक श्रीकिशुन कुशवाहा 45 वर्ष व 50 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। घटना बाद पिकअप चालक भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में ले कार्रवाई में जुट गई। खबर लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो पाई। खड्डा संवाददाता के अनुसार नेबुआ नौरंगिया थाने के गांव सिसवा गोईती के निकट एक तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें सवार जैतून निशा 45 वर्ष निवासी सिसवा गोईती की मौत हो गई। जबकि गांव के ही मरियम 50 वर्ष पत्नी सिकंदर, जगदीश गुप्त 45 वर्ष घायल हो गए। मरियम की तबीयत खराब होने पर पड़ोस के लोग उन्हें इलाज के लिए टेंपो से पनियहवा ले जा रहे थे। पुलिस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मल्लूडीह संवाददाता के अनुसार कसया थाने के प्रेमवलिया चौराहा के समीप फोरलेन पार करते समय सुबह 10 बजे प्रह्लाद 59 वर्ष निवासी प्रेमवलिया बाइक की चपेट में आने से घायल हो गए। चौराहे के लोगों की मदद से उन्हें नजदीक स्थित सीएचसी ले जाया गया, प्राथमिक इलाज बाद डाक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज ले जाते समय उनकी मौत हो गई।