महिला उत्पीड़न के मामलों में करें त्वरित कार्रवाई: संगीता
उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता तिवारी ने कहा कि महिला घरेलू हिसा/उत्पीड़न संबंधी समस्याओं को अधिकारी पूरी गंभीरता से सुनें। किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तत्काल रिपोर्ट कराते हुए विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कुशीनगर: उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता तिवारी ने कहा कि महिला घरेलू हिसा/उत्पीड़न संबंधी समस्याओं को अधिकारी पूरी गंभीरता से सुनें। किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तत्काल रिपोर्ट कराते हुए विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उनके हित में बने कानूनों की जानकारी भी दी जाए।
महिला आयोग की सदस्य बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित महिला जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को संबोधित कर रही थीं। महिलाओं से जुड़े सात मामलों की सुनवाई करते हुए दो का मौके पर निस्तारण किया गया। मथौली निवासी अंशु रानी पत्नी देवी शरण ने बच्चा पैदा न होने पर पति सहित घर वालों के मारने-पीटने की शिकायत की।
महिला थानाध्यक्ष विभा पांडेय को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बलकुड़िया निवासी चांदनी जायसवाल पुत्री भैरो जयसवाल ने दहेज उत्पीड़न, खैतुन निशा पत्नी आलिम निवासी जंगल खिरकिया ने पति द्वारा मारपीट करने की शिकायत की, जिस पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश मिला। आकांक्षा गुप्ता पुत्री पारस गुप्ता, आरती देवी, रत्ना ने भी अपनी समस्याएं रखीं। त्वरित कार्रवाई का भरोसा मिला। जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडेय, रश्मि श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।