अमृत महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
कुशीनगर: शासन के निर्देश पर संस्कृति विभाग द्वारा स्वतंत्रता सप्ताह व हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बुद्ध पीजी कालेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रस में सभी पूरी तरह से डूबे रहे। उद्घाटन करते हुए एडीएम देवीदयाल वर्मा ने कहा कि यह काल खंड कम लोगों को नसीब होता है। हम सभी धन्य हैं जो आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। गोरखपुर से आमंत्रित वरिष्ठ कलाकार डा.शरद मणि त्रिपाठी ने देशप्रेम से ओतप्रोत अंग्रेजों द्वारा प्रतिबंधित क्रांतिकारियों एवं सुराजी गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। सरगम, भैरवी और मोहक श्रीवास्तव ने हाथ में लेकर गाएंगे हम भारत का परचम गीत से देशभक्ति का जज्बा जगाया। उन्होंने , जनता का चित्त चुरा लिया राष्ट्रीय तिरंगे झंडे ने, शहीद राम प्रसाद बिस्मिल के लिखे गीतों- क्या हुआ गर मिट गए वतन के वास्ते, ऐ मेरी जान भारत तेरे लिए यह सर हो, जयशंकर प्रसाद की रचना हिमाद्रि तुंग श्रृंग से, बहिनी हो बिरनवां दई द, हमें गाढा स्वदेशी मंगा द सजन आदि गीतों की प्रस्तुति दी। प्रतिमा श्रीवास्तव ने ऐ मेरे वतन के लोगों एवं सुंदर सुभूमि मोरे भारत के देसवा गाया, जिसका श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया। इसके पूर्व सच्चिदानंद सरस की तीन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। एसडीएम गोपाल शर्मा, ब्रजेश मणि त्रिपाठी आदि ने भी गीत प्रस्तुत किए। संचालन मजीबुल्लाह राही ने किया। समन्वयक अमित द्विवेदी ने आभार ज्ञापित किया। जिविनि रवींद्र सिंह,अपरमुख्य अधिकारी जिला पंचायत विंध्याचल सिंह कुशवाहा,तहसीलदार मांधाता प्रताप सिंह,डा. अजय मिश्र, ब्रजेश मणि त्रिपाठी, शैलेंद्र त्रिपाठी, आइए खान,सीबी सिंह,नवनाथ दूबे, शिवनाथ यादव,बलवंत सिंह,दिवाकर राव,डॉ अनिल कुमार सिन्हा, सुरेश प्रसाद गुप्त आदि उपस्थित रहे।