परिचितों ने की थी लखीमपुर खीरी निवासी युवक की हत्या
लखीमपुर खीरी निवासी युवक कुलदीप 25 वर्ष की हत्या उसके परिचित राजकुमार यादव उर्फ मंटू निवासी रुदवलिया थाना तुर्कपट्टी ने ही सिर में गोली मार कर की थी। सगे चाचा संग मिलकर उसने शव को ठिकाने लगाया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
कुशीनगर : लखीमपुर खीरी निवासी युवक कुलदीप 25 वर्ष की हत्या उसके परिचित राजकुमार यादव उर्फ मंटू निवासी रुदवलिया थाना तुर्कपट्टी ने ही सिर में गोली मार कर की थी। सगे चाचा संग मिलकर उसने शव को ठिकाने लगाया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजीव नारायण मिश्र ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में चर्चित इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए यह जानकारी दी। कहा कि कुलदीप यादव निवासी नरदी थाना पशगवा जनपद खीरी की शादी राजकुमार यादव के बुआ संग तय थी। बीते दिनों लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर इसकी सूचना लड़के पक्ष को दे दी। लेकिन कुलदीप बार-बार राजकुमार के घर आ जाता और शादी के लिए दबाव बनाता। घटना वाली रात भी वह राजकुमार के घर आया था। उसे देख राजकुमार ने उसकी हत्या की योजना बनाई। देर रात कुलदीप को घर के भीतर ले गया और तमंचे से उसके सिर में गोली मार कर हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने अपने चाचा नरेंद्र यादव को बुलाया और शव को बोरे में भर कर गांव पचरुखिया के निकट बांसी नदी पर बने पुल के नीचे फेंक फरार हो गए। अगले दिन नौ मार्च को पचरुखिया के निकट बांसी नदी में शव बहता मिला था। पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही थी। विवेचना के दौरान राजकुमार व नरेंद्र की भूमिका उजागर हुई। आज दोनों को कठकुइयां बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मुंबई भागने की फिराक में थे। पुलिस टीम में थाना प्रभारी राम अशीष सिंह यादव, हेड कां.राजेश कुमार सिंह, जय कुमार सिंह, कां कमलापति तिवारी शामिल रहे।