फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद आला अफसरों को इसकी जानकारी दी।
कुशीनगर: विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव बांसगांव के टोला नैनहा में मंगलवार को एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस परिजनों से पूछताछ के बाद कार्रवाई में जुट गई। घटना को लेकर गांव के लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे थे।
उक्त गांव निवासी राहुल गिरी की शादी आठ माह पूर्व बिहार गोपालगंज जिले के कटेया थाने के गांव पनदेवरी चट्टी मठिया निवासी मनीषा 21 से हुई थी। दो माह पूर्व रोजगार के सिलसिले में राहुल पूना चला गया। घर पर उसके मां-पिता व चार बड़े भाई परिवार सहित रहते हैं। बताया जा रहा कि दोपहर तीन बजे मनीषा ने पति से फोन पर बातचीत की। कुछ देर बाद कमरे का फाटक अंदर से बंद देख जेठानी ने जब खिड़की से देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। उसने इसकी सूचना घर के लोगों व डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद आला अफसरों को इसकी जानकारी दी। नायब तहसीलदार तमकुहीराज विकास सिंह की मौजूदगी में शव को नीचे उतार पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सोनी ने कहा कि ससुराल में सिर्फ महिलाएं हैं। मृतका के पिता को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण पता लग सकेगा। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।