किसान पंचायत कर रहे भाकियू नेता व कार्यकर्ता गिरफ्तार
कस्बे में गुरुवार को किसान पंचायत कर रहे भारतीय किसान यूनियन के नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में गिरफ्तार किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक पांडेय के निर्देश पर पुलिस ने गन्ना विकास समिति परिसर से गिरफ्तार किया।
कुशीनगर : कस्बे में गुरुवार को किसान पंचायत कर रहे भारतीय किसान यूनियन के नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में गिरफ्तार किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक पांडेय के निर्देश पर पुलिस ने गन्ना विकास समिति परिसर से गिरफ्तार किया। 14 पुरुष एवं 12 महिला सहित कुल 26 सदस्यों को थाने लाया गया। एक घंटा बाद निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। भाकियू के मंडल अध्यक्ष उदयभान यादव ने प्रशासन की इस कार्रवाई को उत्पीड़नात्मक बताते हुए कहा कि बीते छह मार्च को ही तहसील प्रशासन को पंचायत की लिखित सूचना दे दी गई थी। इस कार्रवाई से किसान विरोधी चरित्र सामने आया है। इससे पूर्व पंचायत को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि गन्ना पर्ची वितरण व भुगतान में चली आ रही धांधली को रोकने के लिए किसानों की मांग पर सरकार ने गन्ना समितियों के माध्यम से तौल पर्ची वितरण, पड़ताल एवं सट्टा बनाने का निर्णय लिया, लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण यह व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई है। किसान मारे-मारे फिर रहे हैं तो औने-पौने दाम पर क्रशर पर गन्ना बेचा जा रहा है। एसएचओ अतुल्य कुमार पांडेय ने बताया कि सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इस अवसर पर बद्री कुशवाहा, रमाकांत तिवारी, दशरथ यादव, रामबिलास गोंड, रामअवतार कुशवाहा, मीना, निर्मला आदि उपस्थित रहे।