हादसे में मां-बाप की मौत, पुत्र-पुत्री घायल
कसया थाना क्षेत्र के फोरलेन पर बरवा जंगल के समीप गुरुवार की रात लगभग नौ बजे सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुशीनगर: कसया थाना क्षेत्र के फोरलेन पर बरवा जंगल के समीप गुरुवार की रात लगभग नौ बजे सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई, उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव अमरवा सोफीगंज निवासी 32 वर्षीय अमरेंद्र मणि त्रिपाठी उनकी पत्नी 30 वर्षीय विजय लक्ष्मी, पुत्री 9 वर्षीय आराध्या एवं सात वर्षीय पुत्र देव एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। वह गोरखपुर से आए और बरवा जंगल में रुक कर एक ढाबे पर भोजन करने के बाद घर जा रहे थे। होटल से निकल कर फोरलेन पर अवैध कट के माध्यम से दक्षिणी लेन से उत्तरी लेन पर जाते समय किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से ठोकर मार दिया। पत्नी लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई। पति ने कसया सीएचसी जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुत्री एवं पुत्र गंभीर रूप से घायल हैं। सीएचसी के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।