पनियहवा व भैंसहा में बनेगा जलयान ठहराव स्थल
कुशीनगर पटना के गांधीसेतु से वाल्मीकिनगर बैराज तक स्वीकृत जलमार्ग परियोजना को गति मिलेगी।
कुशीनगर: पटना के गांधीसेतु से वाल्मीकिनगर बैराज तक स्वीकृत जलमार्ग परियोजना को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल संसाधन मंत्रालय को इस परियोजना में स्वीकृत कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया है। परियोजना में सुस्ती को लेकर विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने पीएम को पत्र लिखा था। उसका संज्ञान लेकर पीएम ने मंत्रालय को कार्य में तेजी लाने के लिए कहा है।
जल संसाधन मंत्रालय के संयुक्त सचिव सतींद्र पाल सिंह की ओर से विधायक को पत्र भेजकर आश्वस्त किया गया है कि परियोजना में स्वीकृत कार्य को गति दी जाएगी। बिहार और पड़ोसी देश नेपाल की सीमा से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। पत्र का हवाला देते हुए विधायक ने बताया कि यूपी की सीमा में खड्डा विधानसभा क्षेत्र में नारायणी के छितौनी, पनियहवा, भैंसहा घाट व दियारा के शिवपुर में जलयान का ठहराव स्थल बनेगा। यहां पानी के जहाज पर यात्री चढ़ेंगे और माल भी लादा जाएगा।