जनका गांव में युवक की गला रेतकर हत्या
कौशांबी । पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के जनका गांव में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
कौशांबी । पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के जनका गांव में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। गांव के बाहर एक अमरूद के बाग में सुबह उसका शव खून से लथपथ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के जनका गांव निवासी विजय पटेल (23) पुत्र राम गोपाल रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहता था। वहां पर सिलाई का काम करता था। एक पखवारे पूर्व वह घर आया था। शनिवार की रात करीब आठ बजे विजय खाना खाने के बाद सोने के लिए अपने दूसरे मकान के लिए निकला। गांव में दुर्गा पूजा का पंडाल सजाया जा रहा था। वहां पर रुक कर उसने बल्ली भी गड़वाई। इसके बाद वह वहां से चला गया। सोमवार की सुबह गांव से आधा किलोमीटर दूरी पर स्थित होरीलाल के अमरूद के बाग में कुल्लन ने उसका शव देखा। इसकी जानकारी उसने विजय के परिजनों व ग्राम प्रधान को दी। प्रधान की सूचना पर पूरामुफ्ती एसओ भाष्कर मिश्रा व चायल सीओ समेत एएसपी अशोक कुमार घटना स्थल पर पहुंच गए। हत्या की वजह जानने की कोशिश किया, लेकिन कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
------------
पूर्व में नियोजित थी हत्या
घटना स्थल पर दो गिलास व नमकीन के तीन पाउच फेंकी गई थी। इससे स्पष्ट हो रहा है कि विजय की हत्या का पूर्व में ही प्लान किया गया था। घटना को अंजाम देने से पूर्व पहले शराब पिलाई गई थी। परिवार के सदस्यों की माने तो विजय मुंबई में रहता था। वह कभी-कभी घर आता था। गांव के किसी भी व्यक्ति से दुश्मनी नहीं थी।
-------------
क्या कहते एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार का कहना है कि पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के गांव जनका के विजय की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की गई, लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को खोजकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।