कनैली के ग्रामीणों ने घेरा कलेक्ट्रेट
कौशांबी। गांव में हो रहे विकास कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया।
कौशांबी। गांव में हो रहे विकास कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कनैली गांव के लोगों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन देकर उनकी जांच करा निस्तारण की मांग की।
कौशांबी ब्लाक के कनैली गांव में मजरा मवई निवासी कल्ली देवी, जानकी देवी, शिवकली, मतऊ, उमेश, गुलाब, हुबलाल, राजकुमार, प्रेम प्रकाश, अशोक कुमार, गोलू, लल्लू आदि ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बताया कि गांव में अपात्रों को लोहिया आवास योजना का लाभ दिया गया है। उन्होंने कुछ अपात्रों की सूची भी डीएम को सौंपी। उन्होंने बताया कि गांव की कल्ली देवी के नाम से आवास आया था। इसी नाम की गांव में दूसरी महिला है। दोनों के पति के नाम में अंतर है। इसके बाद भी कल्ली के पति का नाम बदलते हुए उसके आवास को दूसरे को दिया गया है। इसी प्रकार गांव में करीब आधा दर्जन लोग ऐसे है जो अपात्र होने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास के पत्रों की सूची में शामिल हैं। ग्रामीणों ने डीएम से पूरे मामले की जांच की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब पांच माह पहले मनरेगा के तहत कार्य कराया गया था। मजदूरों को अब तक इस कार्य की मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी भी इस मामले को लेकर उनकी मदद नहीं कर पा रहे हैं। वह खाते में रुपये भेजे जाने की बात कहते हैं। डीएम को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि गांव में शौचालय निर्माण को लेकर कार्य किया जा रहा है। प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारियों ने उन लोगों के नाम पहले शामिल कर लिया जो खुले शौचालय का निर्माण करा सकते हैं। वह लोग वंचित रह गए जो किसी तरह से कमजोर हैं। उन्होंने गांव में दोबारा सर्वें कराते हुए लोगों को शौचालय निर्माण के लिए धन राशि भेजे जाने की मांग की।