भूमि विवाद में दो पक्ष भिड़े, चार जख्मी
कसेंदा कौशांबी पिपरी थाना क्षेत्र के खानपुर संतवा गांव में मंगलवार दोपहर जमीन के विवाद
कसेंदा, कौशांबी : पिपरी थाना क्षेत्र के खानपुर संतवा गांव में मंगलवार दोपहर जमीन के विवाद को लेकर पट्टीदारों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में महिला समेत चार लोग लहूलुहान हो गए। शोर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायलों ने पुलिस को सात नामजद व सात अज्ञात आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर उनका उपचार शुरू करा दिया है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
खानपुर संतवा गांव की निशा सिंह अधिवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि गांव में स्थित नौ बीघे जमीन का विवाद पट्टीदारों से चल रहा है। मंगलवार को वह अपने बहन-बहनोई को छोड़ने चंद्रसेन गांव जा रही थीं। गांव के बाहर नलकूप के पास लाठी-डंडे से लैस दर्जन भर पट्टीदार उन्हें मिले। आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर विरोधी गाली गलौज करने लगे। निशा सिंह के विरोध करने पर उन सभी ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव करने पहुंचे पिता नरेंद्र सिंह, मां पुष्पा देवी और जीजा त्रिभुवन सिंह को भी काफी चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायलों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने सात नामजद व सात अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर घायलों को उपचार के लिए भेजा और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।