सैलानियों की सुरक्षा को बनेगी टूरिज्म सेल
कौशांबी : बौद्ध व जैन तीर्थस्थल में आने वाले विदेशों सैलानियों की सुरक्षा के लिए टूरिज्म सेल बनाया ज
कौशांबी : बौद्ध व जैन तीर्थस्थल में आने वाले विदेशों सैलानियों की सुरक्षा के लिए टूरिज्म सेल बनाया जा रहा है। यह टीम विदेशी सैलानियों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और एसपी प्रदीप गुप्त से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। यह सेल कौशांबी थाने में स्थापित की जाएगी। करीब पांच लाख रुपये कीमत की लागत से टूरिज्म सेल निर्मित होगा
यमुना नदी किनारे पहाड़ पर स्थित कौशांबी खास जैनियों व बौद्ध भिक्षुओं के लिए श्रद्धा का केंद्र है। यहां छठे तीर्थांकर पद्मप्रभु ने यहां पर तपस्या की थी। वहीं महात्मा बुद्ध भी यहां आए थे। इसलिए बौद्ध धर्म व जैन धर्म के अनुयायी इस स्थान को आस्था का केंद्र मानते हैं। इस स्थली पर आए दिन चीन, जापान, श्रीलंका आदि देशों से अनुयायी आते रहते हैं। तीर्थ स्थल के समीप कौशांबी थाना स्थापित है लेकिन इन अनुयायियों की विशेष सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। इतना ही नहीं अनुयायियों की भाषा दूसरी होने के कारण थाने के पुलिस कर्मियों को भी काफी दिक्कत होती है। बीते दिनों डीएम व एसपी ने इलाके का निरीक्षण किया। तब जैन व बौद्ध स्थल पर आने वाले सैलानियों की सुरक्षा के बेहतर इंतजाम कराए जाने का फैसला लिया। कौशांबी थाने में इन सैलानियों के लिए टूरिज्म सेल स्थापित कराई जाएगी।
सेल में होंगे बेहतर इंतजाम
सेल में ऐसे पुलिस अफसरों की तैनाती की जाएगी, जिन्हें अंग्रेजी भाषा का अच्छा ज्ञान हो और विदेशियों की बातों को आसानी से समझ सकें। कौशांबी थाना परिसर में इसके लिए दो कमरे आरक्षित किए जाएंगे। एक कमरे में सैलानियों जबकि दूसरे कमरे में उनकी शिकायत दर्ज करने के लिए पुलिस टीम रहेगी। इसके अलावा शौचालय, स्नानगृह व रसोई घर की भी व्यवस्था निर्माणाधीन भवन में होगी।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल होगा
कौशांबी थाना परिसर में सैलानियों की सुरक्षा के लिए अतिरक्त पुलिस बल की भी व्यवस्था की जाएगी। भवन निर्माण के बाद पुलिस अधीक्षक उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर सैलानियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग करेंगे।
..तो बढ जाएंगे रोजगार के अवसर
माना जा रहा है कि जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए तो विदेशी पर्यटकों का आवागमन बढ़ जाएगा। इससे इलाकाई जनता को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
कौशांबी थाना परिसर में विदेशी पर्यटकों के लिए टूरिज्म सेल का निर्माण कराए जाने की तैयारी है। जिलाधिकारी ने प्रस्ताव भेज दिया है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद सेल का गठन किया जाएगा। साथ ही विदेशी पर्यटकों की शिकायतें सुनने के लिए स्पेशल पुलिस अफसरों की तैनाती भी कराई जाएगी।
- प्रदीप गुप्त, पुलिस अधीक्षक