मारपीट प्रकरण में शिक्षक निलंबित
होली के दिन पड़रिया सुकवारा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद फायरिग की गई थी।
होली के दिन पड़रिया सुकवारा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद फायरिग की गई थी। मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर के दो-दो नामजद समेत 12 के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में एक शिक्षक भी गिरफ्तार हुआ था, जिसे बीएसए ने निलंबित कर दिया।
सरायअकिल कस्बे के बुद्धपुरी निवासी अरुण गोविल सिंह इन दिनों पूर्व माध्यमिक विद्यालय मंहगूपुर में तैनात है। होली के दिन वह होली मिलने के लिए पंडरिया सुकवारा गए थे। वहां किसी बात को लेकर उनसे विवाद हो गया। इस पर गांव के लोगों ने अरुण गोविल को बंधक बना लिया। इसकी जानकारी उनके परिवार के लोगों को हुई तो वह पंडरिया सुकवारा पहुंच गए और उन्होंने पथराव कर दिया। इस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हवाई फायरिग शुरू कर दी। मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों के खिलाफ नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय ने शिक्षक को अब तक जमानत नहीं दी। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी कौशांबी ने इसकी जानकारी बीएसए को दी थी। बीएसए ने उनकी रिपोर्ट के आधार पर निलंबित कर दिया। साथ ही प्रकरण की जांच का आदेश खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय अरविद कुमार पटेल को दिया है।