धूमधाम से मनाई गई संत गाडगे की जयंती
करारी कौशांबी करारी कस्बे के किग नगर मोहल्ला में रविवार को धोबी महासंघ कल्याण स
करारी, कौशांबी : करारी कस्बे के किग नगर मोहल्ला में रविवार को धोबी महासंघ कल्याण समिति के तत्वावधान में स्वच्छता अभियान के जनक संत गाडगे की 144वीं जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई।
संत गाडगे के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन से कार्यक्रम का आरंभ हुआ। समिति के संयोजक सुनील चौधरी ने कहा कि राष्ट्र संत गाडगे बाबा स्वच्छता अभियान के जनक होने के साथ महान समाज सुधारक थे। उन्होंने अपने जीवन में सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास के खिलाफ संघर्ष किया। शिक्षा के प्रति जन जागरूकता भी उनके मुहिम का हिस्सा था। संत गाडगे का मुख्य उपदेश था कि भले ही घर का बर्तन बिक जाए, रोटी हाथ में लेकर खाना पड़े, लेकिन बच्चों को शिक्षा अवश्य दिलाएं। समिति के सह संयोजक विनोद भास्कर चौधरी ने कहा कि संत गाडगे सर्व समाज के महापुरुष के साथ संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर के राजनैतिक गुरु भी हैं। काजल दिवाकर, मनीष चौधरी आदि ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्नों ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। बच्चों को कॉपी, किताब, पेन आदि वितरित किया गया। इस दौरान राम मगन चौधरी, शिवम कनौजिया, प्रियंका चौधरी, शनि दिवाकर, दिनेश चौधरी, नरेश चौधरी, संदीप चौधरी सहित काफी संख्या में महिलाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। मंझनपुर में भी संत गाडगे की जयंती मनाई गई। संत गाडगे समिति के वीरेंद्र कुमार निर्मल ने उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज को बुराइयों व कुरीतियों से दूर रखने के अलावा छुआछूत से दूर करने का कार्य संत गाडगे ने किया। लोगों ने उनके आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर मथुरा प्रसाद, चोखेलाल, ओमप्रकाश, मुकेश, जितेंद्र, जवाहर सेठ आदि मौजूद रहे।