पुलिस भर्ती फर्जीवाड़ा : जालसाजों को भेजा गया नोटिस
विकास मालवीय, कौशांबी : पुलिस भर्ती फर्जीवाड़ा प्रकरण में विवेचना लगभग पूरी कर ली गई है। साथ ही 32 में 14 जालसाजों को नोटिस भी भेज दी गई है। इससे जालसाजों में हड़कंप मचा हुआ है। मध्य प्रदेश के विश्वविद्यालय से भी फर्जी मार्कशीटों का सत्यापन करा लिया गया है। जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में भेजने की तैयारी और आरोपितों की गिरफ्तार का क्रम शुरू हो जाएगा।
विकास मालवीय, कौशांबी : पुलिस भर्ती फर्जीवाड़ा प्रकरण में विवेचना लगभग पूरी कर ली गई है। साथ ही 32 में 14 जालसाजों को नोटिस भी भेज दी गई है। इससे जालसाजों में हड़कंप मचा हुआ है। मध्य प्रदेश के विश्वविद्यालय से भी फर्जी मार्कशीटों का सत्यापन करा लिया गया है। जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में भेजने की तैयारी और आरोपितों की गिरफ्तार का क्रम शुरू हो जाएगा।
सपा शासन काल में उत्तर प्रदेश में पुलिस व पीएसी के सिपाहियों की भर्ती हुई थी। लाखों युवाओं के बीच जनपद से भी सैकड़ों लोगों ने आवेदन किया था। मेरिट के आधार पर हो रही भर्ती का मामला सामने आया तो उनके होश उड़ गए, जिनकी मेरिट कम थी। ऐसे युवकों की मुलाकात शिक्षा माफिया से हुई। उसने पांच से सात लाख रुपये लेकर मध्य प्रदेश से बढ़ी मेरिट वाली मार्कशीट बनवा दी। लखनऊ में जब युवकों के दस्तावेज का सत्यापन हुआ तो सुल्तानपुर के एक अधिवक्ता ने भर्ती बोर्ड को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि कौशांबी के दर्जनों युवकों ने फर्जी मार्कशीट लगा रखी है। भर्ती बोर्ड ने जांच शुरू कराई तो चौंकाने वाली हकीकत सामने आई। जिले के 32 युवकों ने मध्य प्रदेश से बनी फर्जी मार्कशीट संलग्न कर रखी थी। इनकी सूची तैयार कर भर्ती बोर्ड ने पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता को सौंपा। एसपी ने मंझनपुर कोतवाली में 32 जालसाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक परमानंद यादव कर रहे हैं। जबकि एसपी ने मंझनपुर प्रभारी निरीक्षक राकेश चौरसिया को स्पेशल जांच सौंपी। जांच में लापरवाही बरतने से 18 आरोपितों ने न्यायालय से अरेस्ट स्टे ले लिया। एसपी ने अपने जांच अधिकारियों को समीक्षा बैठक में चेतावनी दी तो वह सक्रिय हो गए। आनन-फानन पुलिस टीम ने लखनऊ जाकर भर्ती बोर्ड से फर्जी मार्कशीट की छायाप्रति उपलब्ध की और मध्य प्रदेश पहुंचकर सत्यापन कराया। दो दिन पहले अरेस्ट स्टे से वंचित रहे 14 जालसाजों को नोटिस देते हुए सात दिन के भीतर अपना बयान दर्ज कराने को कहा है। जल्द ही सभी जालसाजों का बयान दर्ज कराने के बाद सप्ताह भर के भीतर चार्जशीट न्यायालय भेज दी जाएगी। साथ ही आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।
------------
14 आरोपितों को नोटिस देते हुए बयान दर्ज कराने की बात कही है। विवेचना पूरी होते ही चार्जशीट न्यायालय भेज दी जाएगी और आरोपितों की गिरफ्तारी का सिलसिला शुरू कर दिया जाएगा।
- आरके चौरसिया, प्रभारी निरीक्षक मंझनपुर।