अंडे फूटने पर मां ने ही ले ली बेटी की जान
कौशांबी चार साल की पायल अब इस दुनिया में नहीं है लेकिन उस पर जो बीती उससे उसकी आत्मा जरूर कचोट रही होगी। एक अंडा टूटने पर उसकी मां ही उसकी जान की दुश्मन बन गई।
कौशांबी : चार साल की पायल अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उस पर जो बीती उससे उसकी आत्मा जरूर कलप रही होगी। उससे छोटी सी भूल हुई थी। घर में मुर्गी के अंडे फूट गए थे और बस उसकी मां रेखा ही उसकी कातिल बन गई। दीवार पर पायल का सिर टकरा-टकरा कर उसे मार डाला। फिर पड़ोसी को फंसाने के लिए लाश उनके घर की छत पर छिपा दिया। यह मामला कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव का है। गुरुवार को पुलिस ने इसका राजफाश करते हुए मां को जेल भिजवा दिया। एसपी अभिनंदन ने तफसील से घटना की जानकारी दी। नामजद आरोपितों ने राहत की सांस ली है।
इचौली निवासी रामसिंह के परिवार वालों ने चार जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि पायल तीन जून की शाम घर के बाहर खेलते समय संदिग्ध हाल में लापता हो गई। खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। गुमशुदगी में रपट लिखी गई। शाम को पड़ोसी दिनेश के घर की छत से लाश बरामद हुई तो उस पर हत्या का शक जताया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इंटेलीजेंस विग व इंस्पेक्टर राकेश तिवारी की टीम ने रामसिंह की पड़ोसी की लड़कियों रविता व अनीता से पूछताछ की। दोनों ने बताया कि रेखा ने मासूम को बेरहमी से पीटा था। पूछताछ में रेखा ने बताया कि अंडे फूटने के बाद वह आपा खो बैठी थी। उसने पायल का सिर कई बार दीवार में भिड़ाया। इससे वह बेहोश हो गई। उसे होश में लाने का प्रयास किया पर वह दम तोड़ चुकी थी। बदनामी के भय से लाश घर की कोठरी में चारपाई के नीचे छिपा दी और घर वालों के साथ खोजबीन में भी जुटी रही। रात करीब 12 बजे छत के रास्ते पड़ोसी के घर पहुंची और अरहर के बोझ में लाश छिपा दी।